अब पाकिस्तान की वनडे वर्ल्डकप 2025 में भी हार से शुरुआत, बांग्लादेश ने किया बड़ा उलटफेर

आईसीसी वूमेन'स वर्ल्ड कप 2025 के मुकाबले में बांग्लादेश ने बड़ा उलटफेर करते हुए पाकिस्तान की टीम को 7 विकेट से हरा दिया। पाकिस्तान ने जीत के लिए बांग्लादेश की टीम को मात्र 130 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे टीम ने 31.1 ओवर में ही हासिल कर लिया।
अब पाकिस्तान की वनडे वर्ल्डकप 2025 में भी हार से शुरुआत, बांग्लादेश ने किया बड़ा उलटफेर

आज आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। दरअसल, बांग्लादेश की टीम ने मुकाबले में पाकिस्तान को करारी मात दी। बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराकर प्वॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर जगह बना ली, जबकि पाकिस्तान की टीम सातवें नंबर पर खिसक गई। इस समय पाकिस्तान क्रिकेट के लिए दौर अच्छा नहीं चल रहा है। पहले एशिया कप 2025 के फाइनल मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा और अब महिला वनडे वर्ल्ड कप में भी पाकिस्तान की शुरुआत हार से हुई है।

मुकाबले की बात की जाए तो पाकिस्तान की टीम ने मात्र 129 रन बनाए। पूरी टीम 38.3 ओवर में ही सिमट गई और बांग्लादेश की टीम को 130 रनों का लक्ष्य दिया गया। हालांकि बांग्लादेश के लिए यह लक्ष्य मुश्किल दिखाई दे रहा था, लेकिन बल्लेबाजों ने कमाल कर दिखाया। बांग्लादेश की ओर से सबसे ज्यादा रन रुब्या हैदर ने बनाए।

पाकिस्तान का बल्लेबाजी में बुरा हाल

वर्ल्ड कप के इस मुकाबले में रुब्या हैदर ने नाबाद 54 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली और बांग्लादेश को जीत दिलाई। वहीं पाकिस्तान की ओर से कोई भी बल्लेबाज 25 रनों का आंकड़ा पार नहीं कर सका। कप्तान फातिमा सना के बल्ले से 22 रन निकले, जबकि टीम की ओर से सबसे ज्यादा रन रमीन शमीम ने बनाए। रमीन शमीम ने 23 रन बनाए और पाकिस्तान की टीम मात्र 129 रनों तक ही पहुंच सकी। बांग्लादेश की ओर से सबसे ज्यादा विकेट शोर्ना अख्तर ने लिए। शोर्ना अख्तर ने तीन महत्वपूर्ण झटके पाकिस्तान को दिए, जबकि नाहिदा अख्तर और मारुफा अख्तर ने दो-दो विकेट लिए। निशिता अख्तर, फहीमा खातून और राबेया खान को एक-एक सफलता मिली।

आसान लक्ष्य को इतने ओवर में ही कर लिया हासिल

वहीं आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम को सात रनों के स्कोर पर ही पहला झटका लग गया। फरगना हक मात्र 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं, लेकिन बांग्लादेश की डगमगाई पारी को रुब्या हैदर ने संभाला और टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। बांग्लादेश की ओर से शर्मिन अख्तर ने 10 रन बनाए, जबकि निगार सुल्ताना 23 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। हालांकि शोभना मोस्टोरी ने 24 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत तक पहुंचाया।

बांग्लादेश महिला प्लेइंग इलेवन:

फरगना हक, रुब्या हैदर, शर्मिन अख्तर, निगार सुल्ताना (विकेटकीपर/कप्तान), शोभना मोस्टोरी, शोर्ना अख्तर, फाहिमा खातून, नाहिदा अख्तर, राबेया खान, मारुफा अख्तर, निशिता अख्तर निशी

पाकिस्तान महिला प्लेइंग इलेवन:

मुनीबा अली, ओमैमा सोहेल, सिदरा अमीन, आलिया रियाज, सिदरा नवाज (विकेटकीपर), नतालिया परवेज, फातिमा सना (कप्तान), रमीन शमीम, नाशरा संधू, डायना बेग, सादिया इकबाल

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews