महिला T20 वर्ल्ड कप 2026: आज भारत-बांग्लादेश की टक्कर, सेमीफाइनल की दौड़ में अहम मुकाबला, जानिए कब और कहां देखें लाइव मैच

आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में आज भारतीय टीम मैनचेस्टर में बांग्लादेश से भिड़ेगी। यह मुकाबला सेमीफाइनल की दौड़ के लिए बेहद अहम है।
Women's T20 World Cup 2026

इंग्लैंड में खेले जा रहे आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में आज भारतीय महिला क्रिकेट टीम बांग्लादेश के खिलाफ मैदान में उतरेगी। यह मुकाबला मैनचेस्टर के ऐतिहासिक एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा। टीम इंडिया के लिए यह मैच सिर्फ जीत हासिल करने भर का नहीं, बल्कि नेट रन रेट में सुधार के साथ बड़ी जीत दर्ज करने का भी सुनहरा अवसर लेकर आया है। ऐसे में आज मैनचेस्टर के मैदान पर कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी, जहां दोनों टीमें अपनी पूरी ताकत झोंकती नजर आएंगी।

अंक तालिका पर नजर डालें तो ऑस्ट्रेलिया अपने चारों मैच जीतकर आठ अंकों के साथ शीर्ष पर है और सेमीफाइनल के काफी करीब पहुंच चुकी है। वहीं भारतीय महिला टीम ने अब तक तीन में से दो मैच जीते हैं और चार अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई है। अंक तालिका में एक दिलचस्प स्थिति बनी हुई है, जहां भारत, साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश तीनों ही टीमों के चार-चार अंक हैं। हालांकि, बेहतर नेट रन रेट के कारण भारत दूसरे स्थान पर काबिज है, जबकि साउथ अफ्रीका तीसरे और बांग्लादेश चौथे स्थान पर है। भारतीय टीम का आखिरी लीग मुकाबला मजबूत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होना है, जो सेमीफाइनल की दौड़ को और भी कठिन बना सकता है। इसी वजह से आज का यह मैच टीम इंडिया के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

पाकिस्तान पर बड़ी जीत के साथ भारत ने किया था टूर्नामेंट का आगाज

भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की थी। पहले मैच में उसने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 64 रन के बड़े अंतर से मात दी। इसके बाद नीदरलैंड्स के खिलाफ भी 95 रन की शानदार जीत दर्ज कर अपने इरादे साफ कर दिए थे। हालांकि, तीसरे मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा, जिससे टीम की स्थिति थोड़ी चुनौतीपूर्ण हो गई है और अब हर मुकाबला निर्णायक बनता जा रहा है।

सेमीफाइनल के लिए मैच जीतना जरूरी नहीं, रन रेट पर रहेंगी नजरें

आज के मैच में जीत से भारत के कुल छह अंक हो जाएंगे, लेकिन सिर्फ जीत ही सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के लिए काफी नहीं होगी। ऐसे में नेट रन रेट निर्णायक भूमिका निभाएगा। अगर भारतीय टीम अपने दोनों बचे हुए मुकाबले जीतने में कामयाब रहती है, तो सेमीफाइनल में उसकी जगह लगभग तय मानी जा रही है। वहीं, एक भी हार की स्थिति में नेट रन रेट का महत्व काफी बढ़ जाएगा और टीम को दूसरी टीमों के प्रदर्शन पर भी निर्भर रहना पड़ सकता है।

जानें कहां देख सकेंगे लाइव मैच?

भारत और बांग्लादेश के बीच खेले जाने वाले इस महत्वपूर्ण मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर किया जाएगा। क्रिकेट प्रेमी इस रोमांचक भिड़ंत का लुत्फ जियो हॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए भी उठा सकेंगे।

मैनचेस्टर की पिच रिपोर्ट का हाल

मैनचेस्टर के एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड की पिच को लेकर रिपोर्ट बताती है कि शुरुआती ओवरों में यह तेज गेंदबाजों के लिए मददगार साबित होगी। ठंडा मौसम और स्विंग कंडीशंस के कारण नई गेंद से गेंदबाजों को अच्छा मूवमेंट मिलने की उम्मीद है, जिससे बल्लेबाजों को संभलकर खेलना होगा। हालांकि, जैसे-जैसे पारी आगे बढ़ेगी, पिच बल्लेबाजी के लिए अधिक अनुकूल होती जाएगी। तेज उछाल और अच्छा कैरी बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान कर सकता है, जिससे एक बड़े स्कोर वाला मैच देखने को मिल सकता है।

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में भारतीय टीम का पलड़ा भारी

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें तो भारतीय टीम का पलड़ा बांग्लादेश के खिलाफ हमेशा भारी रहा है। आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच अब तक तीन मुकाबले हुए हैं और इन सभी में भारत ने ही जीत दर्ज की है। वहीं, टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दोनों टीमों के बीच कुल 23 मैच खेले गए हैं, जिनमें से भारत ने 20 और बांग्लादेश ने सिर्फ 3 मुकाबले जीते हैं। ये आंकड़े भारतीय टीम के स्पष्ट दबदबे को साफ तौर पर दर्शाते हैं और आज भी भारतीय टीम आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेगी।

भारत और बांग्लादेश की संभावित प्लेइंग 11 

भारतीय टीम में शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स, कप्तान हरमनप्रीत कौर, यास्तिका भाटिया या भारती फुलमाली में से कोई एक, विकेटकीपर ऋचा घोष, दीप्ति शर्मा, राधा यादव, क्रांति गौड़ या अरुंधति रेड्डी, नंदनी शर्मा और एन. श्री चरणी शामिल हो सकती हैं।

वहीं, बांग्लादेश की संभावित टीम में दिलारा अख्तर, जुआरिया फिरदौस, शर्मीन अख्तर, कप्तान निगार सुल्ताना, शोभना मोस्तरी, रितु मोनी, शूर्णा अख्तर, राबिया खान, नाहिदा अख्तर, मारुफा अख्तर और संजीदा अख्तर मेघला को मौका मिल सकता है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews