
आज यानी 30 सितंबर से विमेंस वनडे वर्ल्ड कप का आगाज हो रहा है। आज भारत और श्रीलंका के बीच मुकाबले से टूर्नामेंट की शुरुआत होगी। दोनों ही टीमों को अब तक वनडे वर्ल्ड कप में सफलता नहीं मिली। दोनों टीमें अपना पहला खिताब ढूंढ रही हैं। आज होने वाला मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला दोपहर 3:00 बजे से शुरू होगा। जानकारी दे दें कि भारतीय टीम दो बार वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल खेल चुकी है लेकिन अब तक खिताब नहीं जीत सकी है। ऐसे में इस बार भारतीय टीम यह सूखा खत्म करने की कोशिश करेगी।
इस समय भारतीय टीम सबसे मजबूत टीम मानी जा रही है। आईसीसी रैंकिंग में स्मृति मंधाना पहले स्थान पर हैं। स्मृति मंधाना वनडे क्रिकेट की नंबर एक बल्लेबाज हैं। 2025 में उनके बल्ले से चार शतक और तीन अर्धशतक निकले हैं। उन्होंने इस साल 14 पारियों में 62 की औसत से बल्लेबाजी की है। आज एक बार फिर स्मृति मंधाना से बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी।
दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें
भारत और श्रीलंका के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डाली जाए तो अब तक दोनों टीमें 35 बार आमने-सामने हुई हैं, जिनमें से 31 बार भारतीय टीम को जीत मिली है और मात्र तीन बार श्रीलंका से हार का सामना करना पड़ा है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि वनडे क्रिकेट में भारतीय महिला खिलाड़ी श्रीलंका पर कितना ज्यादा हावी हैं। हालांकि दोनों टीमों के बीच एक मुकाबला ऐसा भी रहा जहां नतीजा नहीं निकला। पिछले वर्ल्ड कप पर नजर डाली जाए तो भारत ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था। हालांकि भारत को सेमीफाइनल मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था, जबकि श्रीलंका की टीम पिछले वर्ल्ड कप में क्वालीफाई भी नहीं कर पाई थी।
कैसी रहेगी आज की पिच?
आज होने वाला यह मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में होने वाला है। इस रिपोर्ट पर नजर डाली जाए तो इस मैदान की पिच बैटिंग फ्रेंडली मानी जाती है। इस स्टेडियम में पहली बार विमेंस वनडे वर्ल्ड कप खेला जा रहा है। विकेट पर आम तौर पर बल्लेबाजों को फायदा मिलता है। शुरुआती दौर में बल्लेबाज रन बटोर सकते हैं। गेंद अच्छी तरह से बल्ले पर आती है, लेकिन धीरे-धीरे मैच में स्पिनरों की एंट्री रनों पर लगाम लगाती है। डे-नाइट मुकाबला और बड़ा इंपैक्ट डाल सकता है। आज टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करने का निर्णय ले सकती है। इस मैदान पर पहले दो वनडे मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें एक मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम और दूसरे मुकाबले में पहले गेंदबाजी करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है।
कैसा रहने वाला है मौसम?
वहीं मौसम पर नजर डाली जाए तो आज होने वाले मुकाबले में मौसम दखलअंदाजी कर सकता है। 30 सितंबर को गुवाहाटी में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि सुबह के समय मौसम साफ रहेगा और धूप दिखाई देगी, लेकिन तापमान धीरे-धीरे बढ़ सकता है। दिन में तेज धूप के बाद शाम को बादल छाने लगेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

