
Birthday Cake Cutting in Mahakal Temple : उज्जैन में महाकाल मंदिर परिसर में एक कर्मचारी युवती के जन्मदिन पर केक काटने का वीडियो वायरल होने के बाद मंदिर प्रशासन, पुजारी और श्रद्धालुओं में नाराजगी है। ये घटना महाकाल मंदिर के प्रोटोकॉल कार्यालय के ऊपर स्थित प्रथम मंजिल पर हुई, जहाँ वीआर (वर्चुअल रियलिटी) के लिए काम करने वाली एक कर्मचारी युवती ने अपने सहकर्मियों के साथ जन्मदिन का केक काटा।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे इस घटना पर लोगों की तीखी प्रतिक्रिया सामने आ रही हैं। मंदिर परिसर में केक काटने को लेकर बवाल मचने के बाद अब महाकाल मंदिर प्रशासक गणेश धाकड़ ने नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है।
महाकाल मंदिर परिसर में कर्मचारी युवती ने काटा बर्थडे केक
वीडियो में दिख रहा है कि युवती का जन्मदिन है और वो अपने सहकर्मियों के साथ मंदिर परिसर में केक काट रही है। ये वीडियो सामने आने के बाद मंदिर परिसर के अंदर इस तरह से जन्मदिन मनाने पर कई लोग आपत्ति जता रहे हैं। महाकाल मंदिर समिति के पूर्व सदस्य महेश पुजारी ने इस कृत्य को धर्म के विपरीत बताते हुए कहा कि अगर मंदिर में जन्मदिन मनाना हो, तो बाबा महाकाल के दर्शन कर, भस्मारती में शामिल होकर और पंडित का आशीर्वाद लेकर मनाया जा सकता है। लेकिन मंदिर परिसर में इस तरह से केक काटना पूर्णतया अनुचित है।
मंदिर प्रशासन ने कही कार्रवाई करने की बात
मंदिर प्रशासन ने भी इस मामले में सख्त रवैया अपनाया है और वो कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। मंदिर प्रशासक गणेश धाकड़ ने वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए कहा कि इस मामले में नियमों के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी। ये कोई पहली बार नहीं है जब महाकाल मंदिर में ऐसा कोई विवाद हुआ है। लगभग 6 वर्ष पहले भी मंदिर के नंदीगृह में एक श्रद्धालु ने केक काटा था, जिसके बाद संबंधित व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक धारा 107 और 116 के तहत मामला दर्ज किया गया था और उन्हें मंदिर में प्रवेश पर अस्थायी रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया था। उस घटना में सहयोग करने वाले होमगार्ड पर भी कार्रवाई की गई थी। अब एक बार फिर ऐसा ही मामला सामने आया है और अब मंदिर प्रशासन इसपर कार्रवाई की बात कर रहा है।
उज्जैन से राजेश कुल्मी की रिपोर्ट
[dgv_vimeo_video id=”1012673782″]
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

