महाकाल मंदिर की छवि बिगाड़ने वालों पर लगेगा मानहानि का मुकदमा, मंदिर समिति ने उठाए कड़े कदम

महाकाल मंदिर की छवि बिगाड़ने वालों पर लगेगा मानहानि का मुकदमा, मंदिर समिति ने उठाए कड़े कदम

Ujjain News: उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर (Mahakaleshwar Temple) में इन दिनों आए दिन विवाद की स्थिति देखी जा रही है। कभी यहां पर दर्शन व्यवस्था को लेकर श्रद्धालुओं का बवाल देखा जाता है तो कभी कुछ लोग फिल्मी गानों पर वीडियो बनाकर मंदिर की छवि को खराब करते हैं। मंदिर की छवि बिगाड़ने वाले इन लोगों पर अब समिति ने कड़ा एक्शन लेने का निर्णय ले लिया है। अब ऐसे लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करते हुए 1 करोड़ रुपए का मानहानि का मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

महाकाल लोक (Mahakal Lok) के निर्माण के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंच रहे हैं। भस्म आरती के दर्शन के लिए भी आए दिन विवाद की स्थिति बनती हुई दिखाई दे रही है। आए दिन यहां पर दर्शन के नाम पर कालाबाजारी किए जाने की खबरें सामने आ रही है। इसके बाद मंदिर की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले लोगों पर प्रशासन सख्त कदम उठाने की तैयारी कर चुका है।

मंदिर के प्रशासक संदीप सोनी का कहना है कि जो लोग मंदिर की गरिमा को ठेस पहुचाएंगे उनके खिलाफ एफआईआर तो दर्ज करवाई ही जाएगी इसके अलावा मानहानि का मुकदमा भी दर्ज करवाया जाएगा। बॉलीवुड गानों पर तैयार किए जा रहे वीडियो लगातार सामने आने के बाद मंदिर समिति की ओर से मोबाइल भी बैन कर दिया गया है।

नए नियमों के मुताबिक अब कोई भी श्रद्धालु महाकाल मंदिर में अपने साथ मोबाइल लेकर नहीं जा सकेगा। जिसके पास भी मोबाइल पाया जाएगा उससे जुर्माना वसूला जाएगा। हालांकि, भस्म आरती के दौरान मोबाइल ले जाने की छूट दी गई है। ऐसा इसलिए किया गया है क्योंकि जो लोग ऑनलाइन बुकिंग करवाते हैं उन्हें टिकट मोबाइल पर ही जारी किया जाता है। मंदिर में प्रवेश के पहले यह टिकट दिखाना होता है इसलिए यह व्यवस्था बनाई गई।

समिति ने उठाए ठोस कदम

मंदिर समिति द्वारा यह सख्त कदम इसलिए उठाया जा रहे हैं क्योंकि बीते दिनों मंदिर की दो सुरक्षाकर्मियों को फिल्मी गानों पर रील बनाते हुए देखा गया था। घटना का वीडियो सामने आने के बाद तुरंत ही इन्हें निलंबित कर दिया गया था और अन्य सुरक्षाकर्मियों पर एंड्रॉयड मोबाइल अपने पास रखे जाने पर भी पाबंदी लगा दी गई है। इसके अलावा मंदिर के पंडे-पुजारी अपने साथ मोबाइल तो ले जा सकेंगे लेकिन उपयोग नहीं कर सकेंगे।

इसके अलावा महाकाल मंदिर में दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं श्रद्धालुओं के साथ मंदिर की व्यवस्थाओं के नाम पर ठगी भी की जा रही है। इसके चलते मंदिर और शहर की छवि बिगड़ रही है। बीते कुछ दिनों में खुद को महाकाल मंदिर का पंडित बताकर भक्तों के साथ ठगी करने। भस्म आरती और पूजन अभिषेक के नाम पर पैसे वसूलने के अलावा होटलों के नाम पर ठगी करने के मामले भी सामने आ रहे हैं। इसी को देखते हुए समिति ने कड़े निर्णय लिए हैं।

कहां जमा होंगे मोबाइल

महाकाल मंदिर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। पहले जहां 10 से 25 हजार श्रद्धालु हर रोज आते थे, यह संख्या अब 50 हजार तक पहुंच चुकी है। इसके अलावा त्योहार और छुट्टी के दिनों में यह आंकड़ा एक लाख तक पहुंच जाता है। इतनी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मोबाइल रखने की व्यवस्था जल्द ही कर ली जाएगी। वहीं भस्म आरती में जो श्रद्धालु दर्शन करने के लिए आएंगे उन्हें टिकट की जांच करने के बाद अपने मोबाइल विश्राम धाम में जमा करवाने होंगे।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews