सावन सोमवार के मौके पर नागपंचमी का त्यौहार, रात 12 बजे खुलेंगे नागचंद्रेश्वर के पट, उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़

17 अगस्त को सावन सोमवार के साथ-साथ नाग पंचमी का त्यौहार भी है। इस दिन महाकाल मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिलेगी। इसके लिए प्रशासन द्वारा तैयारियां की जा रही है।
Mahakaleshwar Mandir

उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में 17 अगस्त को सावन का सोमवार और नाग पंचमी एक ही दिन मनाई जाएगी। दरअसल नाग पंचमी ऐसा दिन होता है। जब मंदिर के तीसरे तल पर विराजित भगवान नागचंद्रवश्वर के पट वर्ष में एक बार खोले जाते हैं।

16 अगस्त की रात 12 बजे से 17 अगस्त की रात 12 बजे तक मंदिर के पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोले जाएंगे। इस दिन सावन का सोमवार है इसलिए बाबा महाकाल की सवारी भी नगर भ्रमण पर निकलेगी। ऐसे में बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की उम्मीद लगाई जा रही है।

12 बजे खुलेंगे नागचंद्रेश्वर के पट

16 अगस्त की रात 11:30 बजे से 12 बजे तक महानिर्वाणी अखाड़ा की ओर से भगवान नागचंद्रेश्वर का प्रथम पूजन किया जाएगा। इसके बाद 12 बजे पट खुलेंगे और दिन भर दर्शन का सिलसिला जारी रहेगा। दोपहर 12 बजे शासकीय पूजन होगा। वहीं संध्या आरती के समय मंदिर के पुजारी और पुरोहित पूजन करेंगे। इस तरह से दिन भर दर्शन और पूजन का क्रम चलता रहेगा।

व्यवस्थाओं पर हुई चर्चा

सावन का सोमवार और नाग पंचमी एक ही दिन होने के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में सारी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर रोशन कुमार सिंह की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक, महंत विनीत गिरी और संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में एक बैठक आयोजन किया गया। इसमें श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई। यह निर्देश दिए गए हैं कि सुगम दर्शन, पेयजल, साफ सफाई, यातायात, पार्किंग, चिकित्सा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

दिव्यांगों ओर बुजुर्गों के लिए ये सुविधा

जो दिव्यांगजन और वृद्ध श्रद्धालु दर्शन करने के लिए पहुंचेंगे। उनके लिए महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा व्हीलचेयर उपलब्ध करवाई जाएगी। ये जूता स्टैंड और प्राथमिक चिकित्सा केंद्र के समीप रखी जाएगी। व्हील चेयरकी मदद से श्रद्धालुओं को लाने ले जाने के लिए शिफ्ट के अनुसार लोगों की ड्यूटी लगाई जाएगी।

यहां मिलेगी चिकित्सा सुविधा

मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को अगर चिकित्सा सुविधा की जरूरत पड़ती है, तो यह उन्हें कर्कराज पार्किंग, नृसिंह घाट तिराहा, हरसिद्धि चौराहा, चारधाम मंदिर की पार्किंग, भील समाज धर्मशाला, विश्राम धाम, बड़ा गणेश मंदिर, मंदिर परिसर और प्रीपेड बूथ तिराहा पर मिल जाएगी। जहां पर डॉक्टर, कंपाउंडर और पैरामेडिकल स्टाफ तैनात रहेगा और आवश्यक दवाई भी मिल जाएगी। एंबुलेंस की व्यवस्था बड़ा गणेश मंदिर के सामने, कर्कराज पार्किंग, त्रिवेणी पार्किंग और महाकाल महलोक कंट्रोल रूम पर रहेगी।

ये व्यवस्थाएं भी

आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह पर पेयजल के लिए व्यवस्था की जाएगी। आने वाले मार्गों पर पानी की बोतल और नाद के माध्यम से पर्याप्त जल उपलब्ध करवाया जाएगा। जूता चप्पल रखने के लिए भील समाज की धर्मशाला और झालरिया मठ के साथ अन्य स्थानों पर अस्थायी स्टैंड संचालित होंगे।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews