Ujjain : महाकाल सवारी पर थूकने का मामला, बीजेपी ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया, तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप

Ujjain : महाकाल सवारी पर थूकने का मामला, बीजेपी ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया, तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप

Spitting on Ujjain Mahakal ride : उज्जैन में महाकाल की सवारी पर थूकने वाले मामले के तूल पकड़ने के बाद बुधवार को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के मकान पर बुलडोजर चलाया। वहीं इस मामले में बीजेपी अब कांग्रेस पर हमलावर है। उसका कहना है कि इस मुद्दे पर कांग्रेस की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है जिससे साबित होता है कि वो सिर्फ तुष्टिकरण की राजनीति करती है।

बता दें कि उज्जैन में सावन के दूसरे सोमवार को जब महाकाल की सवारी निकल रही थी तो कुछ असामाजिक तत्वों ने छत पर चढ़कर पानी से कुल्ला किया और श्रद्धालुओं के ऊपर थूक दिया। मामले को लेकर हंगामा हुआ और पुलिस ने कई धाराओं में तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया। इनमें से दो नाबालिग थे। बालिग आरोपी को जेल भेजा गया जबकि दोनों नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है। इसके बाद बुधवार को प्रशासन ने बालिग आरोपी अदनान के तीन मंजिला मकान पर बुलडोजर चला दिया।

बीजेपी ने किया कांग्रेस पर हमला

इस मुद्दे को लेकर बीजेपी आक्रामक है। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि ‘यही फर्क है कांग्रेस सरकार में और भाजपा सरकार में। कांग्रेस शासित कर्णाटक में हाल ही में जैन मुनि की निर्मम हत्या की जाती है और अभी तक अपराधियों का पता नहीं है। और भाजपा शासित मध्यप्रदेश के उज्जैन में बाबा महाकाल की सवारी में भक्तों पर थूकने वालो के मकान पर प्रशासन की कार्यवाही।’ वहीं बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने तंज किया है कि मोहब्बत की दुकान के दुकानदार धर्म देख कर माल बेचते हैं। उन्होने कहा कि कांग्रेस को महाकाल की नहीं, मुसलमान वोट बैंक की चिंता है।

वहीं कांग्रेस से बीजेपी में आए नरेंद्र सलूजा ने ट्वीट करते हुए कहा कि ‘उज्जैन में करोड़ों लोगों की आस्था के प्रतीक भगवान महांकाल की सवारी पर चंद तत्वों ने थूका…शिवराज सरकार ने ऐसे तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की…उनके मकानों के अतिक्रमण हटा दिये गये लेकिन बड़े शर्म की बात है कि खुद को हनुमान भक्त बताने वाले कमलनाथ जी व कांग्रेस के अन्य नेताओं ने इस घटना पर एक शब्द भी नहीं बोला और ना ही दोषियों पर सरकार की कार्रवाई का स्वागत किया….सीधी की घटना पर तो बढ़-चढ़कर बुलडोजर चलाने व कार्रवाई की मांग कर रहे थे लेकिन तुष्टीकरण के चलते उज्जैन की घटना पर कांग्रेस के नेताओं के मुंह में दही जम गया…जनता इनका दोहरा चरित्र देख रही है।’ इस तरह बीजेपी लगातार कांग्रेस से सवाल कर रही है कि वो इस मुद्दे पर मौन क्यों है और इसे लेकर उसपर आरोप भी लगा रही है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews