उज्जैन में खाद्य विभाग का एक्शन, एनालॉग उत्पाद की आशंका में 5 लाख से ज्यादा का घी, पनीर और मावा जब्त

उज्जैन में खाद्य विभाग की कार्रवाई पिछले कुछ दिनों से लगातार जारी है। अब एनालॉग उत्पाद होने की आशंका के चलते एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की गई है। इसके तहत 5 लाख से ज्यादा कीमत का घी, मावा और पनीर जब्त किया गया है।
Ujjain

उज्जैन में मिलावट खोरी के खिलाफ खाद्य विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर दबिश देकर बड़ी मात्रा में पनीर, मावा और घी जब्त किया गया है। बता दें कि एनालॉग पनीर पर लगाई गई रोक के बाद यहां पर एनालॉग उत्पाद होने की आशंका के चलते कार्रवाई की गई।

खाद्य विभाग ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों से लगभग 33 किलो पनीर, 80 किलो मावा और 876 किलो घी बरामद किया है। जब्त की गई सामग्री की कीमत 5 लाख 39 हजार रुपए बताई गई है। जांच के लिए नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

उज्जैन में खाद्य विभाग की कार्रवाई

खाद्य विभाग की टीम ने गुरुवार को इंदौर रोड स्थित सांवरिया परिसर की पालीवाल डेयरी पर जांच की। यहां से कोल्ड रूम में 33 किलो पनीर और 80 किलो मावा मिला है। खाद्य अधिकारी बसंत शर्मा के मुताबिक सभी डेयरी की विभाग द्वारा जांच की जा रही है। एक दिन पहले ही 71 किलो मावा जब्त किया गया था और जब सप्लाई चेन की जांच की गई तो पालीवाल डेयरी की जानकारी सामने आई थी। इसी के चलते यहां पर कार्रवाई की गई है। जांच के लिए पनीर और मावे के नमूने भोपाल स्थित प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दो प्रतिष्ठानों पर हुई थी कार्रवाई

बुधवार के दिन खाद्य विभाग की टीम ने आनंद नगर स्थित कृष्णा डेयरी और फव्वारा चौक पर श्री राजेंद्र ट्रेडर्स का भी औचक निरीक्षण किया था। यहां से 876 किलो देसी घी मिला था जो प्योर श्योर ब्रांड का था। इसकी कीमत 5 लाख 8 हजार रुपए बताई गई थी। यहां से पूरा स्टॉक जब्त किया गया था।

इसके पहले दौलतगंज और इंदौर गेट की दुकानों पर भी कार्रवाई की गई थी। यहां सेवक राम घनश्याम दास से 6 लाख 90 हजार रूपए का 1116 लीटर घी और इंदौर गेट स्थित शिवम इंटरप्राइजेस से 1 लाख 20 हजार रुपए का घी जब्त किया गया था।

रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

खाद्य विभाग द्वारा पनीर, मावा और घी के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। इसकी रिपोर्ट में अगर खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन या मिलावट पाई जाती है, तो सप्लायर और प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ नियमों के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews