Ujjain News: पार्किंग विवाद में बीजेपी पार्षद को युवक ने घोंपा चाकू, विधायक ने पहुंचाया अस्पताल

Ujjain News: पार्किंग विवाद में बीजेपी पार्षद को युवक ने घोंपा चाकू, विधायक ने पहुंचाया अस्पताल

Ujjain Crime News: उज्जैन में विधायक की मौजूदगी में बीजेपी पार्षद को चाकू घोंप देने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस घटना में पार्षद के पेट में 6 टांके आए हैं। शादी समारोह के दौरान यह झगड़ा हुआ जहां पर मैरिज गार्डन के बाहर कार पार्किंग को लेकर पार्षद का कुछ युवकों से विवाद हो गया। इन्हीं में से एक युवक ने चाकू निकालकर पार्षद के पेट में घोंप दिया। मौके पर मौजूद विधायक और पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उन्हें बचाया।

ये पूरा मामला गुरुवार रात उज्जैन के खाक चौक इलाके में हुआ। यहां पर वार्ड नंबर 24 के पार्षद सुशील श्रीवास कृष्णा वाटिका मैरिज गार्डन में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए अपने परिवार के साथ पहुंचे थे। उनके साथ उज्जैन उत्तर भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री पारस जैन भी मौके पर मौजूद थे। शादी समारोह में शामिल होने के बाद जब वापस लौटने लगे तो एंट्री गेट के पास 5 से 6 युवकों ने पार्षद पर हमला कर दिया। हमला करने वाले युवकों ने उन्हें लात घूंसे से मारने के साथ चाकू भी घोंप दिया। मौके पर मौजूद पार्टी के कार्यकर्ता और विधायक ने बीच-बचाव कर पार्षद को बचाया और अस्पताल में भर्ती किया।

ऐसे हुआ विवाद

शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे विधायक और पार्षद की गाड़ी एंट्री गेट पर खड़ी हुई थी। तभी एक और कार सामने से आ रही थी। रास्ता रूक जाने की वजह से हमलावरों और पार्षद के बीच कहासुनी हुई। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आरोपी मारपीट पर उतारू हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आ चुका है और पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश करने में जुटी है।

विधायक ने कही ये बात

इस मामले में विधायक पारस जैन ने कहा कि वह भी शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। बाहर निकलते वक्त उन्होंने विवाद होते हुए देखा और बीच-बचाव कर श्रीवास को अपनी गाड़ी में बैठा कर जिला अस्पताल के लिए रवाना किया। यह भी बताया कि हमला करने वाले युवक नशे में थे जो काजीपुरा मीणा के बताए जा रहे हैं। ये युवक काली गाड़ी से आए थे और घटना के बाद फरार हो गए।

शादी समारोह में मची अफरा-तफरी

मैरिज गार्डन के बाहर मारपीट और चाकूबाजी की घटना हो जाने के चलते मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल हालत में पार्षद को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक इलाज के बाद प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती किया गया। घटना की जानकारी लगते ही महापौर सहित बीजेपी के अन्य नेता पार्षद का हाल जाने के लिए अस्पताल पहुंचे, फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर है।

पार्षद ने नहीं दिए बयान

घटना के बाद जीवाजीगंज थाना पुलिस पार्षद के बयान लेने के लिए अस्पताल पहुंची थी, लेकिन उन्हें चक्कर आने की वजह से बयान नहीं लिए जा सके। आज इस मामले में FIR दर्ज की जाएगी। मामले में थाना प्रभारी गगन बादल का कहना है कि सीसीटीवी के आधार पर बदमाशों को चिन्हित किया जा रहा है और जल्द से जल्द गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews