
Ujjain News Crime: उत्तर प्रदेश के कुख्यात गैंगस्टर अतीक अहमद की जब से हत्या हुई है तब से सोशल मीडिया पर लोग अलग-अलग पोस्ट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। मध्य प्रदेश में भी यह दौर देखा जा रहा है और इस मामले में उज्जैन के दो युवकों को विवादित कमेंट करना महंगा पड़ गया है और पुलिस ने उन्हें शांति भंग करने के आरोप में एसडीएम कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
Ujjain पुलिस की कार्रवाई
प्रयागराज में हुए अतीक अहमद हत्याकांड के बाद मध्य प्रदेश पुलिस लगातार सोशल मीडिया पर नजर बनाए हुए हैं और अफवाह फैलाने के साथ शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
उज्जैन के घटिया क्षेत्र के पान बिहार चौकी के ग्राम लखाहेड़ा में रहने वाले नौशाद नामक युवक ने अतीक अहमद के समर्थन में व्हाट्सएप पर स्टेटस शेयर करते हुए एक भड़काऊ पोस्ट वायरल किया था। अपने इस पोस्ट में युवक ने लिखा था कि पिंजरे में बंद शेर का शिकार किया गया है, कभी खुले शेर का शिकार करके देखना तुम्हारी नस्लें तबाह हो जाएगी।

इसी क्षेत्र के ग्राम सुलिया में रहने वाले फैजान ने भी अतीक का फोटो फेसबुक पर डाला था और लिखा था शहर में बुजदिलों से खतरा है, धोखे से कुत्ते भी शेर को काट लेते हैं, जो तेजी से वायरल हुआ था।

इन युवकों की सोशल मीडिया पोस्ट वायरल होने की सूचना जैसे ही पान बिहार चौकी और घटिया पुलिस को लगी, तुरंत ही इन्हें गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया है।
इस मामले में उज्जैन एसपी सचिन शर्मा का कहना है कि सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए टीम बनाई गई है और भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है और जो भी विवादित पोस्ट करेगा उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

