विक्रम यूनिवर्सिटी के छात्र गुटों में हुई चाकूबाजी, दो घायल अस्पताल में भर्ती

Vikram University

Ujjain News: विक्रम विश्वविद्यालय (Vikram University) में इन दिनों लगातार हंगामा देखा जा रहा है। छात्र गुटों में लगातार वाद-विवाद की स्थिति बन रही है। एक बार फिर यहां पर विवाद देखा गया और वाग्देवी भवन के बाहर छात्रों में चाकूबाजी होने लगी। घायल हुए दो छात्रों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

विक्रम विश्वविद्यालय में पहले ही हॉस्टल में अपना वर्चस्व बनाए रखने के लिए दो छात्र गुटों के बीच लगातार वाद-विवाद हो रहा है। बीते दिनों भी मारपीट, पत्थरबाजी और एयरगन से फायर किए जाने की घटना सामने आई थी। इतना सब कुछ होने के बावजूद भी विश्वविद्यालय प्रशासन सुरक्षा इंतजामों को लेकर सुस्त दिखाई दे रहा है। यही वजह रही कि वाग्देवी भवन के बाहर वाहन स्टैंड पर दो गुटों के बीच बाइक हटाने की बात पर फिर से विवाद होने लगा। विवाद इतना बड़ा की सीनियर छात्र ने जूनियर पर चाकू से हमला कर दिया।

जानकारी के मुताबिक वाहन स्टैंड पर बाइक हटाने को लेकर सीनियर छात्र विवेक चौधरी और कुंवर बना वाद-विवाद करने लगे और धमकी भी दी। इन दोनों के साथ अन्य छात्र भी मौजूद थे। इन लोगों ने अपने साथियों के साथ सौरभ और अंकित पर हमला कर दिया जिससे दोनों को चोट आई है। विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक हमला करने वाले छात्र फरार हो गए थे।

मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि दो छात्र गुटों में लड़ाई हुई है। मामला विवेचना में लेते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। पिछले कुछ दिनों से हॉस्टल और अध्ययनशाला में वर्चस्व बनाने के लिए एक ही संगठन के दो गुटों में लड़ाई चल रही है। इस लड़ाई की वजह से यूनिवर्सिटी में माहौल लगातार खराब हो रहा है। हॉस्टल में रहने वाले छात्र परेशान हैं और इतनी बार हो चुकी घटनाओं के बावजूद भी यूनिवर्सिटी की ओर से कैंपस में सुरक्षा के लिए कोई भी इंतजाम नहीं किए गए हैं। ऐसे में जो विद्यार्थी यहां बाहर से आकर पढ़ाई कर रहे हैं वो डरे सहमे हुए हैं।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews