रक्षाबंधन पर सैफई पहुंचे अखिलेश यादव, बोले- भाजपा के इशारे पर चुनाव आयोग ने वोटों पर डाला डाका

अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा के संरक्षण में चुनाव आयोग वोटों की डकैती डालने में जुटा हुआ है। चुनाव आयोग से अब न्याय की उम्मीद नहीं है। इसलिए सभी को सतर्क रहना होगा।
रक्षाबंधन पर सैफई पहुंचे अखिलेश यादव, बोले- भाजपा के इशारे पर चुनाव आयोग ने वोटों पर डाला डाका

रक्षाबंधन के मौके पर शनिवार को सैफई पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग और बीजेपी पर जमकर हमला बोला। चाचा स्वर्गीय राजपाल यादव के घर पहुंचकर चाची प्रेमलता से आशीर्वाद लेने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा के संरक्षण में चुनाव आयोग वोटों की डकैती डालने में जुटा हुआ है। चुनाव आयोग से अब न्याय की उम्मीद नहीं है। इसलिए सभी को सतर्क रहना होगा।

‘सपा के वोट काटे गए’

अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी के इशारे पर सपा के वोट काटे गए और इसका सबूत भी उनके पास है। उनके मुताबिक, अयोध्या और कुंदरकी के चुनावों में वोटों की सबसे बड़ी चोरी फैजाबाद में हुई। उन्होंने दावा किया कि हमारे पास वीडियो है जिसमें एक-एक आदमी ने छह-छह वोट डाले हैं। ये तय करते हैं कि कौन वोट डालेगा और कौन नहीं।

टॉप-10 अपराधियों की लिस्ट तैयार होगी

राहुल गांधी के चुनाव आयोग पर लगाए आरोप के सवाल पर अखिलेश बोले कि चुनाव में हमेशा ये चिंता रहती है कि आयोग न्याय करेगा या नहीं। अब लगता नहीं कि न्याय मिलेगा। इसलिए जनता को सतर्क रहना चाहिए। सपा अध्यक्ष ने कहा कि अगली बार वे जिलों में टॉप-10 अपराधियों की सूची तैयार करवाएंगे। अगली बार आप लोगों से मिलूंगा तो पूछूंगा कि इटावा के टॉप-10 अपराधी कौन हैं? हर जिले से ऐसी सूची मंगाऊंगा, तभी साफ होगा कि माफिया कौन हैं और टॉप-10 में कौन शामिल है।

अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी बोले

अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने अमेरिकी राष्ट्रपति के भारत पर टैरिफ लगाने के फैसले पर कहा कि ये भारतीयों के लिए मौका है कि वे अपना उद्योग खुद के हाथ में लें। भाजपा उद्योगों की दुश्मन है। जब भारत अपना कारोबार बढ़ाएगा तो अमेरिका और बाकी देश धमकी नहीं दे पाएंगे। चीन ने भारत का बाजार और जमीन दोनों छीन लिए हैं।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews