‘डबल इंजन ही नहीं डिब्बे भी आपस में टकरा रहे’, बीजेपी विधायक ने रोका योगी के मंत्री का काफिला तो अखिलेश यादव ने कसा तंज

उत्तर प्रदेश के महोबा में BJP विधायक बृजभूषण सिंह और योगी सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के बीच तीखी बहस का वीडियो वायरल हो गया। इसके बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने BJP में अंदरूनी कलह को लेकर निशाना साधा।
Akhilesh Yadav

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में मंगलवार को एक हैरान करने वाला मामला सामने आया, जहां योगी सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और स्थानीय BJP विधायक बृजभूषण सिंह के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। आरोप है कि इस दौरान विधायक ने मंत्री को कुछ देर के लिए बंधक बना लिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सियासी बवाल मच गया। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर BJP को घेरते हुए अंदरूनी कलह पर तंज कसा है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह 30 जनवरी को महोबा के दौरे पर थे। वह यहां ग्राम लिलवाही में जल जीवन मिशन के तहत आयोजित ‘जल अर्पण दिवस समारोह’ में शामिल होने पहुंचे थे। इसी कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर स्थानीय चरखारी विधायक बृजभूषण सिंह और मंत्री के बीच बहस शुरू हो गई। वायरल वीडियो में दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस होती दिख रही है।

खबरों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ा कि कुछ समय के लिए दोनों नेताओं ने किसी का फोन भी नहीं उठाया। इस घटनाक्रम को मंत्री को ‘बंधक’ बनाए जाने के रूप में प्रचारित किया गया। हालांकि, कुछ देर बाद मामला शांत हो गया और स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया और फिर अपने आवास के लिए रवाना हो गए। बाद में मंत्री के एक पोस्ट से भी संकेत मिले कि शाम तक सब कुछ सामान्य हो गया था।

अखिलेश यादव ने साधा निशाना

इस सियासी घमासान पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने चुटकी लेने में देर नहीं की। उन्होंने घटना का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करते हुए BJP सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि यह भाजपा के अंदर मचे घमासान का सिर्फ एक नमूना है।

“हमने तो पहले ही कहा था कि भाजपा के ‘डबल इंजन’ ही नहीं डिब्बे भी आपस में टकरा रहे हैं। पैसे कमाने और ज़मीन क़ब्ज़ाने में लगे भाजपा के मंत्री हों या विधायक, इनमें से कोई भी जनता या विकास का काम नहीं कर रहे हैं। इसीलिए जनता के गुस्से से बचने के लिए वो एक-दूसरे पर दोषारोपण कर रहे हैं। भाजपा के ही विधायक द्वारा, अपनी ही भाजपा सरकार के मंत्री को बंधक बनाना दर्शाता है कि भाजपा सरकार के विधायक अब अगले चुनाव में हारनेवाले हैं।” – अखिलेश यादव, अध्यक्ष, समाजवादी पार्टी

अखिलेश ने आगे कहा कि यह सिर्फ इन दोनों के बीच की लड़ाई नहीं है, बल्कि हर विधानसभा क्षेत्र में यही हाल है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इस बार भाजपा को चुनाव लड़ने के लिए प्रत्याशी ही नहीं मिलेंगे।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews