भाजपा पार्षद अभिषेक गुप्ता पर रंगदारी मांगने का तीसरा मुकदमा, सर्राफा कारोबारी ने लगाए गंभीर आरोप

कोतवाली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जगदीश पांडेय ने बताया कि कारोबारी की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।
भाजपा पार्षद अभिषेक गुप्ता पर रंगदारी मांगने का तीसरा मुकदमा, सर्राफा कारोबारी ने लगाए गंभीर आरोप

उत्तर प्रदेश के कानपुर में भाजपा पार्षद अभिषेक गुप्ता उर्फ मोनू की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। गिलिश बाजार निवासी सर्राफा कारोबारी कुलदीप सिंह की तहरीर पर कोतवाली थाने में पार्षद के खिलाफ तीसरा मुकदमा दर्ज किया गया है। कुलदीप सिंह का आरोप है कि पार्षद ने उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और मना करने पर मकान गिरवाने की धमकी दी।

कारोबारी ने लगाए आरोप

कुलदीप सिंह ने बताया कि पार्षद नव निर्माण और जमीन की खरीद-फरोख्त करने वालों से रंगदारी मांगता है और अवैध वसूली करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्षद का भाई कानपुर कचहरी में अधिवक्ता है और बार एसोसिएशन का पूर्व पदाधिकारी रह चुका है। इसी प्रभाव के चलते अभिषेक गुप्ता धमकी देता है कि वह क्षेत्र में ही नहीं बल्कि कचहरी में भी नुकसान पहुंचा सकता है। कारोबारी ने यहां तक आशंका जताई कि पार्षद किसी कचहरी वसूली गैंग से जुड़ा हो सकता है।

कोतवाली पुलिस ने शुरू की जांच

कोतवाली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जगदीश पांडेय ने बताया कि कारोबारी की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। भाजपा पार्षद अभिषेक गुप्ता पर इससे पहले भी दो रंगदारी के मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। पहला मामला गिलिश बाजार निवासी शमीम अख्तर ने दर्ज कराया था। आरोप था कि मकान मरम्मत के दौरान पार्षद, उसका भाई राहुल गुप्ता (जो कि बार एसोसिएशन का पूर्व मंत्री है) और साथी माधव ने चार लाख की रंगदारी मांगी थी। मांग पूरी न होने पर मकान सील करा दिया गया।

पार्षद की चाची भी हुई थीं पीड़ित

दूसरा मामला पार्षद की चाची नीरा गुप्ता ने दर्ज कराया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पति की मृत्यु के बाद पार्षद मकान पर कब्जा करने की नीयत से परेशान कर रहा है। छज्जा बनवाने के नाम पर 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी गई और विरोध करने पर बेटियों समेत जान से मारने की धमकी दी गई।

पुलिस तीनों मुकदमों की जांच कर रही है, लेकिन विपक्षी दलों ने मामले को लेकर भाजपा से सफाई मांगी है। वहीं, स्थानीय लोगों में भी पार्षद की कार्यशैली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews