सीएम योगी आदित्यनाथ ने गांधी जयंती पर कहा ‘बीजेपी सरकार उनके सपनों को साकार कर रही है’, लाल बहादुर शास्त्री को नमन, विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी जी के नेतृत्व में भारत का स्वतंत्रता संग्राम सत्य और अहिंसा के मार्ग पर सफल हुआ, जो आज भी विश्व के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया के लिए यह शोध और उत्सुकता का कारण बना हुआ है कि क्या सिर्फ सत्य अहिंसा के मार्ग पर ही चलकर आजादी पाई जा सकती है..लेकिन भारत ने ये करके दिखाया है।
CM Yogi Adityanath

CM Yogi Adityanath on Gandhi Jayanti

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम में दोनों महापुरुषों को पुष्पांजलि अर्पित की और नमन किया। इस दौरान उन्होंने गांधी जी के सत्य, अहिंसा और स्वदेशी के सिद्धांतों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।

सीएम ने कहा कि दो अक्टूबर का दिन विशेष है जब हम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती मनाते हैं। उनके नेतृत्व में भारत का स्वाधीनता संग्राम सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर सफल हुआ। यह पूरी दुनिया के लिए एक प्रेरणा है कि सत्य और अहिंसा की ताकत से भी आजादी हासिल की जा सकती है।

स्वदेशी के महत्व को रेखांकित किया

मुख्यमंत्री योगी ने गांधी जी के स्वदेशी और स्वच्छता के दृष्टिकोण को रेखांकित करते हुए कहा कि स्वदेशी का महत्व गांधी जी के स्वाधीनता संग्राम का आधार था। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वदेशी और ‘मेक इन इंडिया’ का अभियान भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहा है। स्वदेशी अब सिर्फ खादी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी दिनचर्या का हिस्सा बन चुका है। आज भारत दुनिया को अपनी ताकत का अहसास करा रहा है।

गांधी जयंती पर खादी उत्पादों में छूट

सीएम योगी ने हाल ही में ग्रेटर नोएडा में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का जिक्र करते हुए कहा कि यह स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण प्रयास था। उन्होंने यह घोषणा भी की कि गांधी जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार खादी उत्पादों पर 25% की छूट दे रही है। स्वच्छता के प्रति गांधी जी के योगदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि स्वच्छता महात्मा गांधी का प्रिय विषय था और पीएम मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से इसे जन-जन तक पहुंचाया है। आज स्वच्छता हमारी पहचान बन चुकी है। उन्होंने कहा कि गांधी जी के सपनों को भाजपा की सरकार पूरा कर रही है।

लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित की

इसी के साथ मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी सादगी, ईमानदारी और देशभक्ति को याद किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को विजयदशमी की शुभकामनाएं भी दी हैं। सीएम योगी ने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी के सपनों को साकार करने के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार निरंतर प्रयासरत है। मैं दोनों महान व्यक्तित्वों को नमन करता हूं और प्रदेशवासियों की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews