सांसद चंद्रशेखर आजाद ने योगी सरकार पर साधा निशाना, रोजगार और आरक्षण पर किए बड़े वादे

नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने रविवार को संतकबीरनगर में एक महारैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने योगी सरकार पर दलितों, पिछड़ों और निषाद समाज की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए सत्ता में आने पर 50 हजार रुपये महीने की नौकरी और आरक्षण देने का वादा किया।
Chandrashekhar Azad

संतकबीरनगर: आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना से नवनिर्वाचित सांसद चंद्रशेखर आजाद ने रविवार को उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर जमकर निशाना साधा। संतकबीरनगर के खलीलाबाद स्थित जूनियर हाई स्कूल मैदान में ‘संवैधानिक अधिकार बचाओ, भाईचारा बनाओ’ महारैली को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार गरीब, वंचित और पिछड़े वर्गों के हितों के खिलाफ काम कर रही है।

चंद्रशेखर ने पूर्वांचल में निषाद समाज की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि यह निषाद बाहुल्य क्षेत्र है, लेकिन यहां इसी समाज के लोगों की सबसे ज्यादा हत्याएं हो रही हैं और उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारें दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों के साथ भेदभाव कर रही हैं, जो प्राइमरी स्कूल से लेकर विश्वविद्यालयों और सरकारी दफ्तरों तक फैला हुआ है।

रोजगार और आरक्षण पर बड़े वादे

केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उनकी पार्टी की सरकार बनने पर लोगों को 2 हजार रुपये या 5 किलो राशन देकर बहलाया नहीं जाएगा। उन्होंने वादा किया, “हम ऐसा रोजगार देंगे जिससे लोग हर महीने 50 हजार रुपये तक कमा सकें।” उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए लोगों से समर्थन मांगते हुए कहा कि अगर आजाद समाज पार्टी सत्ता में आई तो लोकसभा से लेकर विधानसभा तक दलित और पिछड़े वर्ग के लोगों को आरक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा, निजी क्षेत्रों में भी दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों के लिए आरक्षण लागू कराया जाएगा।

“सिर्फ भीड़ जुटाने से न्याय नहीं मिलेगा, जब तक लोग चुनाव में आज़ाद समाज पार्टी को वोट देकर सरकार नहीं बनाते। पुलिस वही करती है, जो सांसद, विधायक, मंत्री और मुख्यमंत्री कहते हैं।”- चंद्रशेखर आजाद, सांसद

‘बीमार शिक्षा व्यवस्था, खतरे में भविष्य’

आजाद ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को ‘बीमार’ बताते हुए कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर ने शिक्षा को हथियार बनाया था, लेकिन आज गरीबों के बच्चों को अच्छी शिक्षा से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यूपी में हजारों सरकारी स्कूल बंद कर दिए गए हैं, जिससे गरीब, किसान और मजदूरों के बच्चों का भविष्य खतरे में पड़ गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और लोगों के बीच जाकर जनसमर्थन तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश में अच्छे दिन तभी आएंगे जब संविधान को बचाकर आजाद समाज पार्टी को ताकतवर बनाया जाएगा।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews