राजाभैया की पत्नी ने पीएम मोदी और सीएम योगी को लिखा पत्र; सुरक्षा की गुहार और CBI जांच की मांग

भानवी सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि अक्षय प्रताप ने मीडिया में उनके दिल्ली के निवास की जानकारी सार्वजनिक की, जिससे उनकी और बच्चों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है।
राजाभैया की पत्नी ने पीएम मोदी और सीएम योगी को लिखा पत्र; सुरक्षा की गुहार और CBI जांच की मांग

प्रतापगढ़ के कुंडा विधायक और जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजाभैया की पत्नी भानवी कुमारी सिंह फिर सुर्खियों में हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर अपनी और अपने बच्चों की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। भानवी ने राजाभैया और एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें और उनके बच्चों को इनसे खतरा है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष सीबीआई जांच और फॉरेंसिक जांच की मांग की है।

भानवी ने अपने पत्र में लिखा कि उन्होंने वर्षों तक चुप रहकर परिवार की इज्जत बचाने की कोशिश की, लेकिन अक्षय प्रताप द्वारा मीडिया में उन्हें पागल कहकर अपमानित करने के बाद अब सच सामने लाना जरूरी हो गया है। उन्होंने दावा किया कि उनके पास पर्याप्त सबूत हैं जो सच्चाई को उजागर करेंगे। भानवी ने कहा कि नई अपराध न्याय संहिता के तहत वैज्ञानिक जांच से 15 दिनों में सच सामने आ सकता है, बशर्ते उत्तर प्रदेश पुलिस निष्पक्षता से काम करे या सीबीआई को जांच सौंपी जाए।

दिल्ली के निवास की जानकारी सार्वजनिक

भानवी सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि अक्षय प्रताप ने मीडिया में उनके दिल्ली के निवास की जानकारी सार्वजनिक की, जिससे उनकी और बच्चों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि अक्षय अपने गुर्गों के जरिए कोई अपराधी घटना करा सकते हैं। इसके चलते उन्होंने तत्काल सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने अक्षय और आशिका सिंह पर अवैध रिश्ते, हथियारों और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया।

सनातन धर्म की सीख के अनुसार सहनशीलता

पत्र के साथ भानवी ने एक ऑडियो भी जारी किया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अब तक सनातन धर्म की सीख के अनुसार सहनशीलता दिखाई, लेकिन अब चुप्पी अपराधियों को ताकत दे रही है। भानवी ने जांच एजेंसियों से निष्पक्ष जांच की अपील की, ताकि अक्षय और आशिका सिंह से जुड़े सारे सच सामने आ सकें।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews