बजट 2026 को मुख्यमंत्री धामी ने बताया ‘विकसित भारत’ का रोडमैप, उत्तराखंड के लिए ट्रैकिंग ट्रेल्स के विकास को सराहा

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय बजट को 'विकसित भारत-2047' को समर्पित बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के भविष्य की स्पष्ट रूपरेखा है। धामी ने विशेष रूप से उत्तराखंड में ट्रैकिंग ट्रेल्स के विकास की घोषणा का स्वागत किया।
CM Pushkar Singh Dhami

देहरादून: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए आम बजट पर देशभर से प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बजट की प्रशंसा करते हुए इसे ‘विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को समर्पित सर्वस्पर्शी बजट’ करार दिया है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेश किया गया यह बजट केवल आंकड़ों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि आने वाले दशकों के लिए देश के विकास की एक स्पष्ट रूपरेखा प्रस्तुत करता है। उन्होंने इसे आत्मनिर्भरता, समृद्धि और वैश्विक नेतृत्व की दिशा में भारत को तेजी से आगे बढ़ाने वाला कदम बताया।

‘विकसित भारत’ का स्पष्ट रोडमैप

सीएम धामी के अनुसार, यह बजट समाज के चार प्रमुख स्तंभों- किसान, युवा, नारी शक्ति और वंचित वर्ग को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि इसमें हर वर्ग के उत्थान के लिए ठोस योजनाएं हैं, जो अवसरों का विस्तार करेंगी और आत्मनिर्भरता का विश्वास जगाएंगी।

“यह बजट आत्मनिर्भरता, समृद्धि और वैश्विक नेतृत्व की दिशा में भारत को तेजी से आगे ले जाने वाला है। रक्षा, कृषि, अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में किए गए प्रावधान देश की आर्थिक गति को तेज करेंगे।”- पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि रक्षा, कृषि, इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और पर्यटन जैसे क्षेत्रों के लिए किए गए प्रावधान न केवल आर्थिक विकास को गति देंगे, बल्कि सामाजिक संतुलन और समावेशी विकास को भी मजबूती प्रदान करेंगे।

पहाड़ों में पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने बजट में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर जैसे पर्वतीय राज्यों में ट्रेकिंग ट्रेल्स के विकास की घोषणा को एक दूरदर्शी पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस कदम से पहाड़ी क्षेत्रों में पर्यटन के नए द्वार खुलेंगे और स्थानीय लोगों के लिए आजीविका के साधन मजबूत होंगे।

सीएम धामी ने विश्वास जताया कि इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि यह बजट ‘विकसित भारत @ 2047’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है, जो देश को आर्थिक महाशक्ति बनाने के साथ-साथ हर नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
Banshika Sharma

कंटेंट राइटर

मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews