जन्मदिन पर भी नहीं रुके CM धामी, बुलडोजर लेकर खुद आपदा प्रभावित इलाके में पहुँचे, रेस्क्यू में जुटे

जन्मदिन पर भी नहीं रुके CM धामी, बुलडोजर लेकर खुद आपदा प्रभावित इलाके में पहुँचे, रेस्क्यू में जुटे

उत्तराखंड के देहरादून में बादल फटने से कई इलाकों में भारी तबाही मची है। सड़कें ध्वस्त हो गईं, घर जलमग्न हो गए और लोग फंसे हुए हैं। इसी बीच आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने जन्मदिन के दिन भी आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। सामान्य वाहनों से पहुंचना कठिन था, इसलिए उन्होंने खुद जेसीबी मशीन का सहारा लिया। ग्रे सूट पहने धामी जी जेसीबी के केबिन में चढ़े और मलबा हटाने व राहत कार्यों का निरीक्षण किया। उनका यह कदम स्थानीय लोगों के लिए हिम्मत बढ़ाने वाला साबित हुआ।

दुर्गम इलाकों में बुलडोजर लेकर पहुंचे CM

मुख्यमंत्री धामी ने दुर्गम इलाकों में पहुंचकर अधिकारियों को राहत कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भोजन, पानी, दवाइयों और राहत शिविर की व्यवस्था तुरंत सुनिश्चित की जाए। भारी बारिश के चलते सड़कें टूट चुकी हैं और सामान्य वाहनों से पहुंचना असंभव है। ऐसे में जेसीबी के जरिए उन्होंने क्षतिग्रस्त क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और पुलिस को निर्देश दिया कि मलबे के नीचे दबे लोगों को बचाने के लिए बचाव अभियान में तेजी लाई जाए। उनके साथ स्थानीय अधिकारी भी राहत कार्य में जुटे हुए हैं।

कई जगहों पर दबे होने की आशंका

रात करीब 10 बजे बादल फटने जैसी घटना के बाद सहस्रधारा नाले में उफान आ गया। मलबा बाजार क्षेत्र में घुस आया जिससे कई दुकानें और होटल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि गांव की सड़कें बह गई हैं और मलबे के नीचे 4-5 लोग दबे होने की आशंका है। मुख्यमंत्री धामी ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली और सोशल मीडिया पर बताया कि वे स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने राहत और बचाव अभियान तेज करने के निर्देश दिए ताकि प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द मदद मिल सके।

 प्रधानमंत्री ने भी लिया हालचाल

धामी ने केसरवाला और मालदेवता इलाकों का भी निरीक्षण किया। रायपुर के मालदेवता में तेज धारा से 100 मीटर लंबी सड़क बह गई। घरों और सरकारी संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है और कई जगह संपर्क टूट गया। नदियों का जलस्तर बढ़ने से जीवन प्रभावित हुआ है। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा कि सभी विभाग युद्ध स्तर पर काम कर रहे हैं। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने फोन पर स्थिति की जानकारी लेकर हर संभव मदद का भरोसा दिया। धामी ने राहत कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews