
ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित जेसीज पब्लिक स्कूल में एमएसएमई फॉर भारत कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभर से उद्योग जगत से जुड़े लोग शामिल हुए। सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, मेयर काशीपुर दीपक बाली और कई उद्यमियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसमें एमएसएमई क्षेत्र की चुनौतियों, समाधान और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा हुई। कार्यक्रम का उद्देश्य छोटे और मध्यम उद्यमों को आर्थिक विकास में उनकी भूमिका के लिए प्रोत्साहित करना और उद्योगों के सामने आने वाली समस्याओं पर विचार करना था।
प्रथम सत्र में नेताओं ने साझा किए विचार
पहले सत्र में सांसद अजय भट्ट ने कहा कि टैरिफ वार जैसे चुनौतीपूर्ण समय में एमएसएमई क्षेत्र को समर्थन देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि एमएसएमई देश की अर्थव्यवस्था में बड़ा योगदान दे रहा है। बड़ी कंपनियां जैसे टाटा अपने उत्पाद बनाने में छोटे उद्यमों के उत्पादों का उपयोग करती हैं। विधायक शिव अरोरा ने बताया कि एमएसएमई देश की अर्थव्यवस्था में 30 प्रतिशत हिस्सा निभा रहे हैं। वहीं मेयर दीपक बाली ने कहा कि लोहा केवल एक धातु है, पर जब उसे उत्पाद में बदला जाता है तो उसकी कीमत कई गुना बढ़ जाती है। इससे एमएसएमई की अहमियत स्पष्ट होती है।
द्वितीय सत्र में उद्यमियों ने समस्याएं रखीं
दूसरे सत्र में उद्यमियों ने एमएसएमई क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की। उद्यमी पुष्करराज जैन, अशोक बंसल, पवन अग्रवाल, अनुप सिंह और सुरेश कुमार ढि़गरा ने बताया कि लाइसेंस, नवीनीकरण और अग्निशमन जैसे कार्यों में उन्हें कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सिंगल विंडो सिस्टम की मांग की ताकि सभी काम एक ही जगह पर आसानी से पूरे हो सकें। उद्यमियों ने कहा कि हर तीन साल में लाइसेंस नवीनीकरण के लिए बार-बार दौड़भाग करनी पड़ती है, जिससे समय और पैसा दोनों खर्च होता है। उन्होंने सरकार से ठोस समाधान की मांग की।
तृतीय सत्र में अधिकारियों ने दिए समाधान
तीसरे सत्र में अधिकारियों ने उद्यमियों की समस्याओं पर चर्चा कर समाधान दिए। एसएसपी मणिकांत मिश्र ने कहा कि बिना सुरक्षा के उद्योगों का सफल होना मुश्किल है। उन्होंने बताया कि सिडकुल क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने के लिए कई पुलिस चौकियां और कैमरे लगाए गए हैं। डिप्टी कमिश्नर राज्यकर विनय प्रकाश ओझा और अन्य अधिकारियों ने उद्यमियों की समस्याओं को सुना। अंत में व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, दीपक बेहड़ और संदीप चावला ने अपनी समस्याएं रखते हुए सरकार से उचित कदम उठाने की अपील की। कार्यक्रम में सभी ने मिलकर एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य करने का संकल्प लिया।
