उत्तराखंड: आज हरिद्वार में धामी कैबिनेट बैठक, कई अहम प्रस्तावों पर लगेगी मुहर, विधानसभा सत्र की जगह-तारीख भी होगी तय

Uttarakhand Cabinet Meeting: आज धामी कैबिनेट बैठक, चंपावत के बाद आज हरिद्वार में होगी बैठक, प्रदेश हित में लिए जाएंगे कई फैसले, केंद्र के सहयोग पर आएगा प्रस्ताव, विधानसभा सत्र की जगह और तारीख भी होगी तय
Chief Minister Pushkar Singh Dhami

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आज, 12 अक्टूबर को सुबह 11.30 बजे कैबिनेट की अहम बैठक होगी। खास बात है कि यह बैठक हरिद्वार के सीसीआर भवन के सभागार में होगी। इससे पहले चंपावत में कैबिनेट बैठक हुई थी, जिसमें प्रदेश के हित में कई बड़े फैसले लिए गए थे।

सोमवार को होने वाली बैठक में भी आगामी कुंभ मेला, पर्यटन, इंफ्रास्ट्रक्चर, विकास योजनाओं, औद्योगिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और आवास सहित अन्य विभागों के प्रस्तावों पर फैसला होने की उम्मीद है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने के उद्देश्य से अलग कैडर गठित करने के प्रस्ताव पर भी बैठक में निर्णय लिया जा सकता है।

इसके अलावा केंद्र सरकार के सहयोग पर धन्यवाद प्रस्ताव लाने की तैयारी है। साथ ही आगामी विधानसभा सत्र की जगह और तारीख भी तय हो सकती है। कयास लगाए जा रहे हैं कि 21 से 24 अक्टूबर के बीच गैरसैंण (ग्रीष्मकालीन राजधानी) में सत्र बुलाया जा सकता है। बता दें कि राज्य सरकार को 30 अक्तूबर से पहले सत्र आहूत करना है। चंपावत के बाद आज हरिद्वार में होने वाली इस बैठक को प्रदेश के विकास और जनहित के लिए बेहद महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री और सभी मंत्रियों के लिए हरकी पैड़ी में गंगा पूजन कार्यक्रम रखा गया है। बैठक के बाद मुख्यमंत्री सिंह सोमवार को नई दिल्ली जाएंगे और केंद्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ प्रदेश के विभिन्न योजनाओं को लेकर बैठक करेंगे।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews