भ्रष्टाचार पर पीएम मोदी का हमला, बोले- छत्तीसगढ, राजस्थान में कांग्रेस की काली कमाई के नोटों के ढेर रोज निकल रहे हैं

MP Election 2023 MP News

MP Election 2023 : मप्र विधानसभा चुनाव के लिए मतदान करने की तारीख नजदीक आ रही है, चुनाव प्रचार अंतिम दिनों  में पहुँच गया है , भाजपा और कांग्रेस नेताओं ने नेताओं की रफ़्तार बढ़ चुकी है, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मध्य प्रदेश का दौरा किया , उन्होंने बड़वानी में पार्टी प्रत्याशियों के लिए आमसभा को संबोधित किया, पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा राजस्थान और छत्तीसगढ़ का हाल देखिये कांग्रेस की काली कमाई से कमाए नोटों के ढेर निकल रहे हैं, इसलिए मध्य प्रदेश में इसे भूलकर भी आने नहीं देना है।

प्रधानमंत्री ने कहा – आज बड़वानी आया हूं, तो मैं सबसे पहले मध्य प्रदेश भाजपा को बधाई देना चाहता हूं। एमपी भाजपा ने जो संकल्प पत्र जारी किया है, वह मध्य प्रदेश को नई ऊंचाई पर ले जाएगा। भाजपा का संकल्प पत्र मध्य प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने वाला है। ये भाजपा का ट्रैक रिकॉर्ड है कि भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है। आप लिखकर रख लीजिए, आपसे किए हुए सारे वादे पूरे होंगे और ये मोदी की गारंटी है।

पीएम ने कहा – इतना बड़ा चुनाव चल रहा है, अनेक जगह पर मुझे जाना है लेकिन कल दिवाली मनाने मैं सीमा पर देश के जवानों के पास चला गया। चुनाव के आखिरी दिन हैं, लेकिन दो दिन के बाद मैं झारखंड, भगवान बिरसा मुंडा के गांव में अपना मत्था टेकने जा रहा हूं। ये हमारी प्राथमिकताएं हैं।

“कांग्रेस ने हमेशा आदिवासी समाज को नजरअंदाज किया”

15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा का जन्म दिवस है। ये भाजपा सरकार का गौरव है कि इस पुण्य दिन को हमें जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित करने का अवसर मिला है। जिस आदिवासी समाज को कांग्रेस ने हमेशा नजरअंदाज किया, जिस आदिवासी समाज की कांग्रेस ने कभी परवाह नहीं की, उस आदिवासी समाज का गौरव बढ़ाने का काम भाजपा ने किया है।

कांग्रेस अपनी खाली तिजोरी भरने के लिए एमपी पर कब्जा जमाना चाहती है: मोदी 

प्रधानमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश के ये चुनाव सिर्फ भाजपा ​और कांग्रेस के बीच के नहीं हैं। ये चुनाव मध्य प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य को तय करने वाले चुनाव हैं। कांग्रेस के नेता हैं, जो एमपी को अंधेरे कुएं में धकेलने के जिम्मेदार हैं, वहीं दूसरी ओर भाजपा है जो एमपी को अंधकार से निकाल कर लाई है। कांग्रेस अपनी खाली तिजोरी भरने के लिए एमपी पर कब्जा जमाना चाहती है। आप छत्तीसगढ़ और राजस्थान में देखिए, कैसे कांग्रेस की काली कमाई से कमाए गए नोटों के ढेर हर रोज निकल रहे हैं।

बिना नाम लिए राहुल पर किया हमला, आलू से सोना बनाने पर कसा तंज  

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की एक और पहचान है, जो युवाओं को समझनी जरूरी है। जहां-जहां कांग्रेस आती है, वहां अपराध चरम पर पहुंच जाते हैं। कांग्रेस सरकार में दंगे-फसाद आम हो जाते हैं। कांग्रेस सरकार में बहनों-बेटियों के साथ अत्याचार चरम पर पहुंच जाता है। राहुल गांधी का नाम लिए बिना तंज कसते हुए मोदी ने कहा – जैसे तैसे कुर्सी पाने के लिए कांग्रेस मध्य प्रदेश के लोगों से सोने का महल बनाने का भी वादा कर सकती है। सोने का महल देने का वादा करेगी और फिर कहेंगे कि आलू से सोना निकालूंगा फिर बनाऊंगा।

कांग्रेस की बातों और वादों पर आज कोई भरोसा नहीं कर रहा है। इसका कारण है इनका ट्रैक रिकॉर्ड। कांग्रेस ने 60 साल तक पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक सरकार चलाई, लेकिन इस दौरान कांग्रेस ने आदिवासियों का न विकास किया और न ही मान-सम्मान दिया। जब केंद्र में भाजपा की सरकार बनी तब हमारे आदिवासी भाईयों को उनके हक का मान सम्मान मिला।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews