MP का बढ़ा गौरव, मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग की 12 यूनिट्स ने जीता अंतर्राष्ट्रीय अवार्ड

MP का बढ़ा गौरव, मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग की 12 यूनिट्स ने जीता अंतर्राष्ट्रीय अवार्ड

MP News : एक बार फिर मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ा है, प्रदेश में पर्यटन विभाग द्वारा संचालित 12 यूनिट्स (होटल, रिसोर्ट) को अंतर्राष्ट्रीय अवार्ड मिला है, बड़ी बात ये है कि ये अवार्ड  ट्रैवलर्स की चॉइस पर दिया गया है, मप्र पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रदेश के लोगों को बधाई दी है।

इन 12 यूनिट्स को मिला अवार्ड 

गौरतलब है कि विश्‍व विख्‍यात पर्यटक मार्गदर्शी संस्‍था ‘’ट्रिप एडवाइजर’’ U.S. (यूनाइटेड स्‍टेट ऑफ अमेरिका) के ट्रैवलर्स च्‍वाइस अवॉर्ड-2023 में मध्‍यप्रदेश राज्‍य पर्यटन विकास निगम की 12 इकाइयों ने ट्रिप एडवाइजर्स एनुअल ट्रैवलर्स च्‍वाइस अवार्ड जीता है। निगम के प्रबंध संचालक कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि पलाश रेसीडेंसी भोपाल, बघीरा जंगल रिसॉर्ट मोचा, बायसन रिसॉर्ट मढ़ई, कलचुरी रेसीडेंसी जबलपुर, रॉक एण्‍ड मनोर पचमढ़ी, चंपक बंगलो पचमढ़ी, ग्‍लेन व्‍यू पचमढी, होटल अमलतास पचमढ़ी, शीशमहल ओरछा, व्हाइट टाइगर फॉरेस्ट लॉज़ बांधवगढ़ एवं तानसेन रेसीडेंसी ग्‍वालियर को अवॉर्ड मिला है। वहीं निगम की ओरछा स्थित इकाई बेतवा रिट्रीट ने संस्‍था का ‘’बेस्‍ट ऑफ बेस्‍ट’’ अवार्ड 2023 जीता है।

प्रबंध संचालक ने इसे मध्य प्रदेश के लिए उपलब्धि कहा 

प्रबंध संचालक श्री सिंह ने निगम की इकाइयों को विश्‍व स्‍तरीय अवार्ड प्राप्‍त होने पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह विषय न केवल मध्‍य प्रदेश पर्यटन अपितु संपूर्ण मध्‍य प्रदेश के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है। इकाईयों को सम्‍मान जनक स्‍थान तक पहॅुचाने में इकाईयों के सभी वरिष्ठ प्रबंधकों के कुशल प्रबंधन एवं मार्गदर्शन के साथ सभी कर्मचारियों का सर्वाधिक योगदान है। उन्होंने निगम परिवार की ओर से मध्‍य प्रदेश आने वाले सभी पर्यटकों को भी वोटिंग करने के लिए धन्‍यवाद व आभार व्‍यक्‍त किया।

ऐसे होता है अवार्ड के लिए चयन 

‘’ट्रिप एडवाइजर’’ कम्‍पनी संपूर्ण विश्‍व में विभिन्‍न स्‍थानों पर गये पर्यटकों से प्राप्‍त रिपोर्ट के आधार पर मूल्‍यांकन कर हर वर्ष यह अवार्ड प्रदान करती है। पर्यटकों की ओर से दुनियाभर के होटल, रेस्तरां और दूसरे स्थानों को दी हुई रेटिंग के आधार पर ट्रैवलर्स च्वाइस अवॉर्ड के लिए चुना जाता है। दुनिया भर के पर्यटक हर साल इसमें भाग लेते हैं और अपनी पसंद के आधार पर वोटिंग करते हैं। हर कैटेगरी में दुनिया के चुनिंदा 25 शहरों, पर्यटन स्‍थलों, और होटल्‍स रेस्टोरेंट की सूची बनाकर प्रत्‍येक श्रेणी में अवार्ड की घोषणा की जाती है।

उल्लेखनीय है कि निगम की समस्त इकाईयों में पर्यटकों के ठहरने के लिए पूर्णत: सुसज्जित अतिथि कक्षों, खान-पान, मनोरंजन गतिविधियां और आरामदायक स्टे की सुविधाएं दी जाती है। पश्चिमी देशों विशेष कर फ्रांस, इटली, जर्मनी, ब्रिटेन, स्‍कॉटलैण्‍ड आदि के पर्यटक विश्‍व के किसी भी देश में पर्यटन पर जाने के लिए उक्‍त संस्‍था द्वारा चिन्हित स्‍थानों पूर्ण संरक्षित रात्रि विश्राम एवं खान-पान की दर, मात्रा एवं गुणवत्‍ता को विश्‍वास सहित प्राथमिकता देते हैं।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews