Mohan Cabinet Meeting: आज जगदीशपुर में हो रही है 8वीं डेस्टिनेशन कैबिनेट, जानिए अबतक भोपाल के अलावा कहां-कहां हो चुकी है बैठकें

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नवाचार करते हुए अबतक प्रदेश के विभिन्न अंचलों में कैबिनेट बैठक करने की पहल की। इसी कड़ी में राजधानी भोपाल से लगे हुए प्राचीन महल और स्मारक वाले गांव जगदीशपुर में आज कैबिनेट बैठक हो रही है। प्राचीन धरोहर को देखने समझने का भी यह एक अवसर है।
CM Dr Mohan Yadav

मध्य प्रदेश की मोहन सरकार आज भोपाल के जगदीशपुर (पूर्व नाम इस्लामनगर) में विशेष कैबिनेट बैठक आयोजित कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में होने वाली यह बैठक कई मायनों में ऐतिहासिक है, क्योंकि इसमें प्रदेश में लागू होने वाले समान नागरिक संहिता (UCC) बिल के मसौदे को मंजूरी दी जाएगी, जिसे आगामी 20 जुलाई से शुरू हो रहे मानसून सत्र में पेश किया जाना है।

खास बात ये है कि ​सुशासन, क्षेत्रीय विरासत और ऐतिहासिक स्थलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई इस “डेस्टिनेशन कैबिनेट” पहल के तहत यह 8वीं ऐसी बैठक है जो मंत्रालय (मंत्रालय परिसर, भोपाल) से बाहर आयोजित की जा रही है। इससे पहले भी मुख्यमंत्री डॉ यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में गत ढाई वर्ष में राजधानी भोपाल में होने वाली नियमित कैबिनेट बैठकों के अलावा अन्य स्थानों पर सात बैठकें हो चुकी है। अबतक भोपाल के अलावा जबलपुर, दमोह, खरगोन, नर्मदापुरम, छतरपुर और बड़वानी जिलों में कैबिनेट बैठक हुई है। विश्व धरोहर स्थल खजुराहो जिला छतरपुर में हुई बैठक के साथ ही इन सभी बैठकों में जनकल्याण से जुड़े बहुआयामी निर्णय लिए गए हैं।

कैबिनेट की बैठक के आयोजन के लिए प्रदेश में ऐसे व्यक्तित्व चयनित किए गए जिनका शौर्य, सुशासन, लोककल्याण और सेवा क्षेत्र में विशेष स्थान रहा है। इस कड़ी में ऐसे स्थानों में दमोह जिले का सिंग्रामपुर, खरगोन जिले का महेश्वर, नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी, छतरपुर जिले का खजुराहो और इंदौर का राजवाड़ा स्मारक (अहिल्याबाई की स्मृति ) आदि शामिल हैं। जनजातीय संस्कृति के प्रमुख केंद्र बड़वानी जिले के नागलवाड़ी में भी कैबिनेट बैठक का आयोजन हो चुका है।

इसके अलावा पचमढ़ी में जनप्रिय शासक रहे भभूत सिंह जी की स्मृति में बैठक आयोजित की जा चुकी है। रानी दुर्गावती के शौर्य का स्मरण करते हुए वर्ष 2024 प्रारंभ होते ही 3 जनवरी को जबलपुर में कैबिनेट बैठक आयोजित की गई। विश्व धरोहर स्थल खजुराहो और प्रदेश के प्रसिद्ध हिल स्टेशन पचमढ़ी में बैठकों का आयोजन हुआ है।

राजधानी भोपाल के अलावा अबतक कहां-कहां हुई मोहन कैबिनेट बैठकें

  • 3 जनवरी 2024 : जबलपुर के शक्ति भवन ।
  • 5 अक्टूबर 2024 : दमोह जिले के सिंग्रामपुर में वीरांगना रानी दुर्गावती के सम्मान में ।
  • 24 जनवरी 2025 : लोकमाता अहिल्याबाई की नगरी महेश्वर (जिला खरगोन)।
  • 20 मई 2025 : लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर के 300 वें जयंती वर्ष पर इंदौर के राजवाड़ा।
  • 3 जून 2025 : नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी के राजभवन में राजा भभूत सिंह के शौर्य को समर्पित।
  • 9 दिसम्बर 2025 के खजुराहो के महाराजा छत्रसाल कन्वेंशन सेंटर।
  • 2 मार्च 2026 : बड़वानी जिले के जनजातीय बहुल क्षेत्र भीलट बाबा देवस्थल नागलवाड़ी।
Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews