
सांकेतिक तस्वीर
Lokayukta Police Detain Chetan Gaur : सौरभ शर्मा को हिरासत में लेने के बाद अब लोकायुक्त पुलिस ने उसके साथी चेतन गौर को भी हिरासत में ले लिया है। लोकायुक्त पुलिस की टीम चेतन गौर को लेकर लोकायुक्त दफ्तर पहुंची है और अब उससे भी पूछताछ की जा रही है। वहीं, एक अन्य आरोपी शरद जायसवाल भी लोकायुक्त कार्यालय पहुंचा। मीडिया से चर्चा के दौरान उसने अपने आप को बेकसूर बताया।
बता दें कि आज सुबह ही लोकायुक्त पुलिस ने सौरभ शर्मा को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू की थी। उसके पकड़े जाने के बाद उसके वकील ने उसकी जान को खतरे की आशंका व्यक्त की थी। इसे लेकर डीजी लोकायुक्त जयदीप प्रसाद ने कहा था कि कि जांच एजेंसियां कानून की रक्षक होती हैं और उनसे किसी की जान को खतरा नहीं होता है। उन्होंने यह भी कहा कि अभी पूछताछ शुरुआती चरण में है और जल्द ही अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी की जाएगी।
लोकायुक्त पुलिस ने चेतन गौर को भी हिरासत में लिया
लोकायुक्त पुलिस ने सौरभ शर्मा को पकड़ने के बाद अब उसके साथी और राज़दार चेतन गौर को भी अपनी हिरासत में ले लिया है। लोकायुक्त की टीम ने सौरभ शर्मा से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर चेतन गौर को भोपाल के अरेरा कॉलोनी से पकड़ा है। टीम उसे लोकायुक्त कार्यालय लेकर पहुंची है जहां उससे पूछताछ की जा रही है। ये वही चेतन गौर है जिसकी कार में 52 किलो सोना और 11 करोड़ रुपए कैश पाए गए थे। यह कार भोपाल के मेंडोरी जंगल में लावारिस हालत में आईटी विभाग को मिली थी। एक ही दिन में दो आरोपियों के पकड़े जाने के बाद मामले में बड़े खुलासे की संभावना है।
एक और आरोपी शरद जायसवाल भी लोकायुक्त कार्यालय पहुंचा
चेतन गौर को हिरासत में लेने के बाद एक अन्य आरोपी शरद जायसवाल भी लोकायुक्त कार्यालय पहुंचा। उसने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्हें लोकायुक्त से समन मिला था और इसीलिए वो यहां आए हैं। उन्होंने खुद को बेकसूर बताते हुए कहा कि वो एक कंपनी में डायरेक्टर थे जिसमें चेतन गौर भी डायरेक्टर थे, लेकिन उनका इस घोटाले से कोई संबंध नहीं है। शरद जायसवाल ने कहा कि उनके पास सारी संपत्ति और लेनदेन के दस्तावेज मौजूद हैं।
इससे पहले सौरभ शर्मा को पकड़ा था
बता दें कि आज सुबह सौरभ शर्मा को हिरासत में लेने के बाद डीजी लोकायुक्त जयदीप प्रसाद ने बताया था कि फिलहाल उससे पूछताछ चल रही है, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी के बाद 24 घंटे के भीतर उसे अदालत में पेश किया जाएगा। जब उनसे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा था कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी पकड़ा जाएगा। उनके इस बयान के कुछ ही देर बाद चेतन गौर के पकड़े जाने की खबर सामने आई है।
[dgv_vimeo_video id=”1051102176″]
[dgv_vimeo_video id=”1051109105″]
[dgv_vimeo_video id=”1051109422″]
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

