AIM Congress 2026: दुबई के निवेश महाकुंभ में CM डॉ. मोहन यादव का ‘Invest MP-2026’ संवाद, 180 देशों से जुटेंगे 20 हजार प्रतिनिधि

6 से 9 सितंबर तक दुबई प्रवास पर रहेंगे CM डॉ. मोहन यादव, AIM Congress 2026 में दुनिया के बड़े निवेशकों के सामने रखेंगे मध्य प्रदेश की संभावनाएं; DP World, EMAAR सहित कई दिग्गज कंपनियों से प्रस्तावित बैठकें
CM Mohan Yadav

CM Mohan Yadav

भोपाल। मध्य प्रदेश में निवेश के नए अवसर तलाशने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 6 से 9 सितंबर तक दुबई प्रवास पर रहेंगे। इस दौरे का सबसे अहम पड़ाव AIM Congress 2026 होगा, जहां मुख्यमंत्री ‘Invest MP-2026’ के जरिए दुनिया के बड़े निवेशकों और कारोबारी समूहों से सीधा संवाद करेंगे। सरकार की नजर निवेश के साथ रोजगार, कृषि-फूड प्रोसेसिंग, निर्यात, शहरी विकास और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में नई संभावनाओं पर है।

दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में 7 से 9 सितंबर तक होने वाले इस वैश्विक आयोजन में 180 से ज्यादा देशों के करीब 20 हजार प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। यहां सरकारों के प्रतिनिधियों के साथ बड़े निवेशक, सॉवरेन वेल्थ फंड्स और अंतरराष्ट्रीय कंपनियां एक मंच पर जुटेंगी। ऐसे में मध्य प्रदेश के पास दुनिया के निवेशकों के सामने अपनी संभावनाएं रखने और उन्हें प्रदेश में निवेश के लिए आकर्षित करने का बड़ा अवसर होगा।

मेगा कंपनियों के साथ सीधे टेबल पर होगी बात

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की दुबई यात्रा में कई बड़े कारोबारी समूहों के साथ अलग-अलग बैठकें प्रस्तावित हैं। इनमें DP World, VFS Global, EMAAR, Choithrams, Sharaf Group और KGK जैसी कंपनियां शामिल हैं। इसके अलावा AIM Congress के आमंत्रण आधारित ‘Tycoons’ कार्यक्रम में करीब 500 सॉवरेन वेल्थ फंड्स, फैमिली ऑफिस और बड़े कारोबारी शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री यह यात्रा AIM Congress के अध्यक्ष एवं यूएई के विदेश व्यापार राज्य मंत्री डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ेयूदी के आमंत्रण पर कर रहे हैं। एक ही जगह दुनिया के बड़े निवेशकों की मौजूदगी के चलते सरकार इसे मध्य प्रदेश के लिए सीधे कारोबारी रिश्ते बनाने के अहम मौके के रूप में देख रही है।

दुबई के बाजार में MP के कृषि उत्पादों के लिए संभावनाएं

इस दौरे में मध्य प्रदेश के कृषि और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर पर भी खास फोकस रहेगा। यूएई अपनी खाद्य जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात से पूरा करता है। वहीं मध्य प्रदेश दाल, गेहूं, मक्का और सोयाबीन के उत्पादन में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। यही वजह है कि दुबई और यूएई के बड़े बाजार को प्रदेश के कृषि उत्पादों से जोड़ने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।

कार्यक्रम में Lulu Group के यूसुफ अली एमए के साथ बैठक भी प्रस्तावित है। यदि प्रदेश के कृषि और प्रोसेस्ड फूड उत्पादों के लिए निर्यात के नए रास्ते बनते हैं तो इससे किसानों के लिए नया बाजार मिलने के साथ कोल्ड चेन, ग्रेडिंग और फूड प्रोसेसिंग में निवेश की संभावनाएं भी बढ़ सकती हैं।

इंदौर-भोपाल से ग्वालियर-जबलपुर तक निवेश पर नजर

दुबई अपने आधुनिक शहरी और रियल एस्टेट डेवलपमेंट के लिए जाना जाता है। मुख्यमंत्री की यात्रा में EMAAR के साथ प्रस्तावित बैठक और बुर्ज खलीफा का दौरा भी शामिल है। सरकार की नजर इंदौर, भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर जैसे तेजी से विकसित होते शहरों में इंफ्रास्ट्रक्चर, टाउनशिप और कमर्शियल डेवलपमेंट के लिए निवेश की संभावनाओं पर है।

इसके साथ मध्य प्रदेश पवेलियन और ODOP उत्पादों के प्रदर्शन के जरिए प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और खरीदारों के सामने लाया जाएगा। कोशिश मध्य प्रदेश को कृषि के साथ उद्योग, निर्यात, पर्यटन और शहरी विकास की संभावनाओं वाले निवेश गंतव्य के रूप में पेश करने की है।

GIS-2027 की भी तैयार होगी जमीन

दुबई का यह दौरा भोपाल में प्रस्तावित Global Investors Summit-2027 की तैयारियों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। सरकार AIM Congress में बने संपर्कों को आगे बढ़ाते हुए निवेशकों और कंपनियों को GIS-2027 से जोड़ने की कोशिश करेगी।

पिछले आयोजन में 181 देशों से करीब 15,800 प्रतिनिधि, 9 राष्ट्राध्यक्ष और 74 मंत्री शामिल हुए थे और 47 MOU हुए थे। इस बार 180 से ज्यादा देशों के करीब 20 हजार प्रतिनिधियों के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में ‘Invest MP-2026’ के जरिए मध्य प्रदेश की कोशिश इस वैश्विक मंच पर बने संपर्कों को प्रदेश में वास्तविक निवेश और रोजगार के अवसरों में बदलने की होगी।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews