स्वास्थ्य विभाग का बाबू निलंबित, दुर्व्यवहार की शिकायत पर भोपाल कलेक्टर ने की कार्रवाई

umaria news

File Pic.

BHOPAL NEWS : भोपाल में स्वास्थ्य विभाग के बाबू पर कलेक्टर ने कार्रवाई करते हुए निलंबित कर दिया है, पदीय दायित्व के निर्वहन न करने और दुर्व्यवहार की शिकायत पर भोपाल कलेक्टर ने यह कार्रवाई की है।

लगातार मिल रही थी शिकायतें 

स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ सहायक ग्रेड 2 कर्मचारी सौरभ तैलंग को समय पर कार्यालय में उपस्थित न होने, हितग्राहियों व साथी कर्मचारियों से दुर्व्यवहार करने तथा कार्यालयीन समय पर अनुपस्थित रहने पर निलंबित कर दिया गया है। सौरभ तैलंग पुलिस कर्मचारियों के उपचार से संबंधित शाखा का कार्य देखते थे। पुलिस कर्मचारियों ने भी इनके द्वारा दुर्व्यवहार करने की शिकायत की गई थी। सी एम एच ओ द्वारा इन्हें पूर्व में भी अपने आचरण एवं व्यवहार में सुधार करने के निर्देश दिए गए थे एवं कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी।

चेतावनी के बाद भी नहीं हुआ था सुधार 

चेतावनी के बाद भी कार्य एवं व्यवहार में सुधार न करने पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा इनके निलंबन का प्रस्ताव कलेक्टर भोपाल को भेजा गया था। इस प्रस्ताव पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने पदीय कर्तव्य में घोर लापरवाही बरतने पर संबंधित को मध्यप्रदेश सिविल सेवा वर्गीकरण नियंत्रण तथा अपील नियम 1966 के नियम 9 (1) के प्रावधान अनुसार निलंबित किया है। निलंबन के दौरान इनका मुख्यालय मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी सिविल अस्पताल बैरसिया के अधीन किया गया है।

Sushma Bhardwaj
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews