
भोपाल मंडल में चलाए जा रहे “ऑपरेशन जीवन रक्षा” के तहत यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु रेलवे सुरक्षा बल के जवान लगातार सतर्क रहते हैं। इसी सजगता के चलते के एक बड़ी दुर्घटना उस समय टल गई जब एक यात्री ट्रेन से उतरते समय फिसलकर कोच और प्लेटफॉर्म के बीच गिर पड़ा। मौके पर ड्यूटी कर रहे आरपीएफ के आरक्षक और यात्रियों की त्वरित कार्रवाई से यात्री की जान बच गई।
[dgv_vimeo_video id=”1091583765″]
परिजनों को बैठाने के बाद चलती गाड़ी से लगाई छलांग
घटना 07 जून 2025 की है, शाम 6:30 बजे, गाड़ी संख्या 18238 (छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस) भोपाल स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 01 से रवाना हो रही थी। इसी दौरान अमरपाल सिंह, निवासी-गांधीनगर, भोपाल, जो प्लेटफॉर्म टिकट लेकर अपने परिजनों को ट्रेन में बैठाने आए थे, अधिक सामान चढ़ाने के लिए कोच में गए थे। ट्रेन के चलने के बाद जब उन्होंने नीचे उतरने का प्रयास किया, तो उनका संतुलन बिगड़ गया और वे फिसलकर कोच और प्लेटफॉर्म के बीच गिर पड़े।
बाल-बाल बचा शख्स
मौके पर मौजूद आरपीएफ आरक्षक कृष्ण कुमार ने घटना पर तुरंत सजगता दिखाते हुए दौड़कर यात्री को खींचकर बाहर निकाला, जिससे उसकी जान बच गई। यात्री को केवल मामूली खरोंचें आईं, जिनका उपचार स्टेशन पर स्थित डिस्पेंसरी में किया गया।
रेल्वे की अपील
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि आरक्षक की सतर्कता और त्वरित निर्णय ने एक संभावित गंभीर हादसे को टाल दिया। उन्होंने यात्रियों से यह भी अपील की कि वे चलती ट्रेन से चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, और केवल गाड़ी के पूर्णतः रुकने पर ही चढ़ें या उतरें।
