भोपाल में युवक से सरेआम मारपीट, मुँह पर पेशाब: हनुमानगंज घटना पर भड़के जीतू पटवारी, बोले “गृहमंत्री कुंभकरण की नींद सो रहे हैं”

इस अमानवीय कृत्य को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह घटना न सिर्फ इंसानियत को शर्मसार करती है, बल्कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की बदहाल स्थिति को भी उजागर करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सरकार उन्हें रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
Jitu Patwari MP Congress

Jitu Patwari

राजधानी भोपाल के हनुमानगंज इलाके में सामने आई बर्बर घटना ने एक बार फिर मध्यप्रदेश में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक युवक पर सरेआम हमला करने, मारपीट के बाद उसपर पेशाब करने की वारदात ने सबको झकझोरकर रख दिया है। इस मामले को लेकर जीतू पटवारी ने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है।

उन्होंने कहा कि यह घटना न सिर्फ मानवता को शर्मसार करती है, बल्कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की गिरती स्थिति का भी प्रमाण है। कांग्रेस नेता ने गृहमंत्री डॉ. मोहन यादव को निशाने पर लेते हुए पूछा “आखिर प्रदेश में यह कैसा राज चल रहा है, जहां खाकी का खौफ नहीं है? आज पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था बेलगाम है और गृह मंत्री कुंभकरण की नींद में सो रहे हैं।”

भोपाल में युवक के साथ अमानवीय घटना

भोपाल के हनुमानगंज थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश और क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई को लेकर एक युवक के साथ अमानवीय अत्याचार किया गया। शबरी नगर का रहने वाला 25 वर्षीय युवक यशवंत सोमवार शाम अपने घर के पास था, तभी इलाके के ही चार बदमाश गट्टू, प्रेम, रोहित और दिव्यांश ने उसे घेर लिया। आरोप है कि युवक पर विरोधी से संपर्क रखने का शक जताते हुए बदमाशों ने उसे सड़क पर ही पीटना शुरू कर दिया। उसपर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया गया।

पीड़ित के अनुसार वो रहम की गुहार लगाता रहा लेकिन आरोपी नहीं रुके। उसका कहना है कि मारपीट के दौरान उन्होंने युवक को निर्वस्त्र कर दिया और उसके चेहरे पर पेशाब कर दी। इस पूरी घटना का मोबाइल पर वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पीड़ित ने पुलिस को अपनी शिकायत में बताया है कि सिर्फ शक के आधार पर उसे निशाना बनाया गया। उसने अपनी जान को खतरा बताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और खुद को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग भी की है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं और घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। साथ ही आरोपियों पर इनाम भी घोषित किया गया है।

जीतू पटवारी ने सरकार को घेरा

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस घटना को लेकर मोहन यादव सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में अपराधियों का मनोबल इतना ऊंचे हैं कि वे दिनदहाड़े ऐसी हैवानियत करने से भी नहीं हिचकिचाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आज पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था बेलगाम है और गृह मंत्री कुंभकरण की नींद में सो रहे हैं। इसी के साथ उन्होंने मोहन यादव से जागने का आह्वान करते हुए इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews