भोपाल की 30 साल पुरानी कॉलोनियों में बदहाल सड़कें, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट की सुविधा नहीं, गहरे गड्ढों से बदला स्कूल बसों का रूट

भोपाल के बैरागढ़ स्थित सीहोर नाका क्षेत्र की करीब 30 साल पुरानी कॉलोनियों में सड़क, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट और सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। दरअसल बारिश के बाद गहरे गड्ढों और जलभराव के कारण स्कूल बसों ने भी अंदर जाना कम कर दिया है।
भोपाल की 30 साल पुरानी कॉलोनियों में बदहाल सड़कें, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट की सुविधा नहीं, गहरे गड्ढों से बदला स्कूल बसों का रूट

भोपाल के सीहोर नाका इलाके में परिवार होम्स, लेक सिटी कॉलोनी और शिखर प्लाजा समेत तीन पुरानी कॉलोनियों के करीब 1500 लोग लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। बारिश के बाद सड़कें गड्ढों में बदल गई हैं सीवेज की समस्या बढ़ गई है और कई जगह स्ट्रीट लाइट व सफाई व्यवस्था भी लोगों की शिकायत का कारण बनी हुई है।

दरअसल करीब 30 साल पहले विकसित हुई इन कॉलोनियों में आज भी सड़क, सीवरेज और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो सकी हैं। वार्ड क्रमांक-3 के सीहोर नाका क्षेत्र में करीब 300 मकानों वाले इस इलाके में बारिश के बाद हालात और बिगड़ गए हैं। गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति समझना मुश्किल हो जाता है। दोपहिया वाहन चालक फिसलकर घायल हो रहे हैं जबकि रोजाना आने-जाने वाले लोगों को भी सावधानी के साथ रास्ता पार करना पड़ रहा है।

सीवेज की समस्या बनी बड़ी चुनौती

वहीं परिवार होम्स, लेक सिटी कॉलोनी, शिखर लेक सिटी एन्क्लेव, आरपी कॉलोनी और आसपास के कई हिस्सों में सड़कें लंबे समय से जर्जर बनी हुई हैं। कई स्थानों पर सीवेज निकासी ठीक नहीं होने से गंदा पानी सड़क पर फैल जाता है। बारिश के दौरान यह समस्या और बढ़ जाती है, जिससे लोगों को घरों तक पहुंचने में भी परेशानी होती है।

रहवासियों का कहना है कि सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। खराब सड़कों की वजह से कुछ स्कूल बस चालकों ने कॉलोनी के अंदर जाना कम कर दिया है। अब अभिभावकों को बच्चों को मुख्य सड़क तक छोड़ने और वापस लेने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि सड़क और सीवरेज की शिकायतें पहले भी की गईं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं मिल पाया। कई जगह स्ट्रीट लाइट भी ठीक से काम नहीं कर रही हैं, जिससे रात में आवाजाही और मुश्किल हो जाती है।

कलेक्टर जनसुनवाई तक पहुंचाने की तैयारी

इलाके की समस्याओं को लेकर हाल ही में करीब 150 रहवासी चमत्कारेश्वर मंदिर परिसर में एकत्र हुए। बैठक में सड़क, सीवरेज, सफाई और स्ट्रीट लाइट की स्थिति पर चर्चा की गई। लोगों ने कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कलेक्टर की जनसुनवाई और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।

इसके साथ ही रहवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि पास स्थित एक निजी अस्पताल से निकलने वाले सीवेज और गंदगी की वजह से इलाके की समस्या बढ़ रही है। इसके अलावा कई लोगों ने नालों और नालियों के ऊपर निर्माण कर लिया है, जिससे पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। लोगों का कहना है कि इन निर्माणों से निकलने वाला सीवेज भी कई बार सड़क पर फैल जाता है। उनका कहना है कि इलाके में नियमित सफाई, सीवेज निकासी की व्यवस्था, जर्जर सड़कों की मरम्मत और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था जल्द सुधारी जाए, ताकि लंबे समय से चली आ रही इन समस्याओं का समाधान हो सके।

रवि कुमार की रिपोर्ट

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews