भोपाल त्विशा शर्मा केस: पति समर्थ सिंह ने जबलपुर हाईकोर्ट में दायर की अग्रिम जमानत याचिका, शुक्रवार को हो सकती है सुनवाई

इससे पहले उनकी जमानत याचिका भोपाल जिला अदालत से खारिज हो चुकी है। मामले में ससुराल पक्ष आरोपों को बेबुनियाद बता रहा है, जबकि त्विशा के घरवालों ने दहेज प्रताड़ना और उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं।
Bhopal Twisha Sharma case

Bhopal Twisha Sharma case

भोपाल के चर्चित त्विशा शर्मा केस में एक नया कानूनी मोड़ सामने आया है। मृतका के पति समर्थ सिंह ने मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की है जिसपर शुक्रवार 22 मई को सुनवाई की संभावना है। इससे पहले उनकी जमानत याचिका भोपाल जिला अदालत से खारिज हो चुकी है, जिसके बाद उन्होंने उच्च न्यायालय का रुख किया है।

समर्थ सिंह की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मृगेंद्र सिंह ने दलील दी है कि त्विशा शर्मा के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोप तथ्यहीन हैं और पूरे मामले को गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में चल रही पुलिस जांच निष्पक्ष नहीं है और इस पर संदेह उठ रहे हैं।

समर्थ सिंह ने हाईकोर्ट में दायर की अग्रिम ज़मानत याचिका

समर्थ सिंह की ओर से मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की गई है। उनके वकील सीनियर एडवोकेट मृगेंद्र सिंह के अनुसार, इस याचिका पर 22 मई को सुनवाई हो सकती है। इससे पहले भोपाल जिला अदालत ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी। अधिवक्ता का दावा है कि त्विशा के परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं और परिवार अनर्गल प्रचार कर रहा है। उन्होंने कहा कि 12 मई की रात ट्विशा ने आत्महत्या की, न कोई सुसाइड नोट मिला और न ही कोई पूर्व कथन। उनके अनुसार एम्स भोपाल की टीम द्वारा किए गए पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी हुई है, जिसमें कोई गलती नहीं बताई जा रही।

दूसरी ओर, त्विशा के परिवारवालों ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ट्विशा को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर रखा है और दूसरा पोस्टमार्टम की मांग की है। भोपाल कोर्ट ने पहले दूसरा पोस्टमार्टम की याचिका खारिज कर दी थी, लेकिन परिवार इस मांग को लेकर हाईकोर्ट जा रहा है। पुलिस ने शव को संरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं।

फ़रार हैं समर्थ सिंह

बता दें कि नोएडा की रहने वाली 33 वर्षीय पूर्व मिस पुणे त्विशा शर्मा की 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने पूरे देश का ध्यान खींचा है। शादी के महज पांच महीने बाद हुई इस घटना में पति समर्थ सिंह (वकील) और सास गिरिबाला सिंह (रिटायर्ड जज) पर दहेज प्रताड़ना, मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न तथा आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगे हैं। पति समर्थ सिंह घटना के बाद से फरार चल रहे हैं और पुलिस टीम उनकी तलाश में लगी हुई हैं। समर्थ सिंह पर लुकआउट नोटिस जारी किया गया है, उनका पासपोर्ट रद्द करने की प्रक्रिया चल रही है और इनाम राशि बढ़ाकर 30,000 रुपये कर दी गई है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews