भोपाल: सड़क-पानी और बिजली को लेकर हंगामा, रहवासियों ने पैदल मार्च निकालकर जताया विरोध, पढ़ें खबर

भोपाल के वार्ड नंबर-3 की लैक सिटी और परिवार होम्स कॉलोनी के करीब 2000 परिवार सड़क, बिजली, पानी, सफाई और सीवेज जैसी बुनियादी सुविधाओं की बदहाली से परेशान हैं। कॉलोनियों में समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होने से नाराज रहवासियों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया।
bhopal News

भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल की हुजूर विधानसभा के वार्ड नंबर-3 में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को लेकर रहवासियों का गुस्सा अब सड़क पर उतर आया है। लैक सिटी और परिवार होम्स कॉलोनी के करीब 2000 परिवार पिछले लंबे समय से सड़क, बिजली, पानी, स्ट्रीट लाइट, सफाई और सीवेज जैसी समस्याओं से परेशान हैं।

जानकारी अनुसार, करीब 30 साल पुरानी इन कॉलोनियों में अब भी कई जगह सड़कें नहीं बनी हैं जबकि जो सड़कें बनीं हैं उनकी खस्ता हालत हो गई है। लगातार शिकायतों के बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होने से नाराज रहवासियों ने एक बार फिर सड़क पर उतरकर अपनी नाराजगी जताई है।

बता दें​ कि प्रदर्शन कर रहे रहवासियों ने कॉलोनी से पैदल मार्च निकाला और मुख्य मार्ग पर पहुंचकर विधायक एवं क्षेत्रीय पार्षद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस प्रदर्शन में महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल हुई। रहवासियों ने विरोध स्वरूप एक पुतले को भाजपा का दुपट्टा पहनाकर सड़क पर घुमाया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सालों से अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों अपनी समस्याएं बताते बताते थक गए हैं लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हुआ।

सड़कों पर जगह-जगह गहरे गड्ढे

रहवासियों के अनुसार, कॉलोनी की सड़कों पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं जिनमें बारिश के बाद पानी भरने से हालात और बिगड़ गए हैं। खराब सड़कों के कारण स्कूल बस चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और कई बसों ने अपना रूट तक बदल लिया है। वहीं रात के समय स्ट्रीट लाइट की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से दुर्घटना के साथ-साथ सुरक्षा का खतरा भी बना रहता है।

रहवासियों ने दी चेतावनी

रहवासियों ने चेतावनी दी कि सड़क, स्ट्रीट लाइट, सफाई, सीवेज, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उनका कहना है कि 30 साल इंतजार के बाद भी यदि मूलभूत सुविधाओं के लिए सड़क पर उतरना पड़े, तो यह जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है।

भोपाल से रवि कुमार की रिपोर्ट

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews