
VD Sarma on Rahul Gandhi Threat : राहुल गांधी को इंदौर में बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सनसनी फैल गई है। इसे लेकर जहां कांग्रेस अपनी चिंता जता रही है वहीं बीजेपी ने इसे कांग्रेस का स्टंट बताया है। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में सब सुरक्षित है और इस पत्र के पीछे मुझे एक साजिश दिखाई देती है।
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष ने धमकी भरे पत्र को बताया स्टंट
वीडी शर्मा ने कहा कि ‘ये पूरी तरह स्टंट है। मध्य प्रदेश सुरक्षित है। मध्य प्रदेश शांति का टापू है। इसलिए इस प्रकार की कोई घटना यहाँ नहीं कर सकता। मध्य प्रदेश सरकार सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। माननीय राहुल गांधी जी की सुरक्षा हो या माननीय कमलनाथ जी या किसी और की सुरक्षा, सभी सुरक्षित हैं। यह पत्र मुझे एक स्टंट दिखाई देता है। जिस प्रकार से लोग यात्रा को इग्नोर कर रहे हैं, यात्रा जिस प्रकार से असफलता की ओर जा रही है..उनको लगता है कि स्टंट कैसे बनाया जाए जिससे मीडिया के माध्यम से हम लोगों के बीच पहुँचे। पत्र के पीछे मुझे कोई साज़िश नज़र आती है।’
राहुल गांधी के लिए मिला था धमकी वाला पत्र
बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) 20 नवंबर को मध्यप्रदेश में प्रवेश करेगी। उससे पहले शुक्रवार को इंदौर में एक मिठाई की दुकान पर अज्ञात शख्स एक पत्र छोड़कर गया, जिसमें राहुल गांधी को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। ये पत्र मिलने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि वो राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री से मिल चुके हैं और ये काम पुलिस प्रशासन को संभालना है। उन्होने कहा कि बीजेपी बौखलाई हुई है और इसीलिए हर तरह के हथकंडे अपनाना चाहती है। पुलिस ने धमकी भरे पत्र को लेकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 507 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
[dgv_vimeo_video id=”772406530″]
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

