भारत जोड़ो यात्रा में “पाकिस्तान जिंदाबाद” नारे पर भड़की BJP का सवाल, क्या स्पॉन्सरशिप पाकिस्तान से आई है? शिवराज ने भी कही बड़ी बात 

भारत जोड़ो यात्रा में “पाकिस्तान जिंदाबाद” नारे पर भड़की BJP का सवाल, क्या स्पॉन्सरशिप पाकिस्तान से आई है? शिवराज ने भी कही बड़ी बात 

Bharat Jodo Yatra : मध्य प्रदेश में चल रही राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे ने प्रदेश में राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा द्वारा जारी किये गए इस वीडियो को कांग्रेस के नेता भाजपा की साजिश बता रहे हैं और कानूनी एक्शन लेने की चेतावनी दे रहे हैं लेकिन सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि नारे लगाने वाले बचेंगे नहीं, तो वहीं चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगना देशद्रोह की श्रेणी में आता है। यह जांच का विषय है कि क्या इस यात्रा की स्पॉन्सरशिप पाकिस्तान से आई है?

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मध्य प्रदेश (Rahul Gandhi Bharat Jodo Yatra In MP) में भ्रमण के अपने तीसरे दिन आज शुक्रवार को उस समय विवादों में आ गई जब खरगोन में यात्रा के दौरान पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे सुनाई दिए, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा सहित उनकी पार्टी के तमाम नेताओं ने इस वीडियो को ट्विटर पर शेयर किया है, वीडियो के अंत में नारा सुनाई दे रहा है।

वीडी शर्मा ने शेयर किया वीडियो, बताया निंदनीय

वीडी शर्मा (BJP State President VD Sharma) ने ट्वीट किया – बेहद शर्मनाक, खरगोन में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में सरेआम “पाकिस्तान जिन्दाबाद” के नारे से कांग्रेस की देश तोड़ने की मानसिकता फिर से उजागर हुई है। यह बार बार साबित हो रहा है कि यह भारत तोड़ो यात्रा है। इस निंदनीय कृत्य के लिए राहुल गांधी को देश से माफ़ी मांगना चाहिए।

पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वाले बचेंगे नहीं : शिवराज

सीएम शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh Chauhan) ने भी ट्वीट कर कहा – भारत जोड़ो यात्रा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगना, यह भारत जोड़ना है या भारत को तोड़ने वालों को साथ जोड़ना है। पहले भी भारत तोड़ा है, क्या फिर भारत तोड़ने का इरादा है? पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वाले किसी भी कीमत पर बचेंगे नहीं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।

विश्वास सारंग का सवाल – क्या इस यात्रा की स्पॉन्सरशिप पाकिस्तान से आई है?

लेकिन भाजपा के तेज तर्रार नेता और प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग (MP Medical Education Minister Vishvas Sarang) ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगना देशद्रोह की श्रेणी में आता है। यह जांच का विषय है कि क्या इस यात्रा की स्पॉन्सरशिप पाकिस्तान से आई है? उन्होंने ट्वीट में आगे लिखा कि राहुल गांधी को तत्काल प्रभाव से लोकसभा की सदस्यता के साथ राजनीति छोड़ देनी चाहिए।

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भाजपा की साजिश बताया

उधर कांग्रेस ने इसे भाजपा की साजिश बताया है वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने ट्वीट किया – भारत जोड़ो यात्रा को अपार जन समर्थन मिलता देख बौखलाई भाजपा (BJP Madhya Pradesh) ने यात्रा को बदनाम करने के लिए एक डॉक्टर्ड वीडियो चलाया है। हम इसके ख़िलाफ़ तुरंत क़ानूनी कार्यवाही कर रहे हैं। हम भाजपा के ऐसे घिनौने हथकंडों के लिए तैयार हैं। उनको करारा जवाब दिया जाएगा।

मध्य प्रदेश कांग्रेस ने कही क़ानूनी एक्शन लेने की बात

वहीं मध्य प्रदेश कांग्रेस (MP Congress) मीडिया विभाग के चेयरमेन केके मिश्रा ने ट्वीट किया – भारत तोड़ो की जनक कुत्सित भाजपाई विचारधारा राहुल गांधी जी की भारत जोड़ो यात्रा से घबराई है , इसलिए कूटरचित वीडियो का इस्तेमाल कर इसे बदनाम करने का कुप्रयास किया , भाजपा मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की जायेगी। ऐसे हीन हथकंडे हमारे अडिग उद्देश्यों को हिला नहीं पाएंगे।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews