क्या प्रदेश में फिर लग सकता है Lockdown, सीएम शिवराज का बड़ा बयान

क्या प्रदेश में फिर लग सकता है Lockdown, सीएम शिवराज का बड़ा बयान

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट। मध्यप्रदेश में कोरोना (Corona) के बढ़ते मामलों के बाद शासन प्रशासन अलर्ट मोड पर है। तो क्या हम फिर लॉकडाउन (Lockdown) की ओर जा रहे हैं। रविवार को 24 घंटे में 3000 से अधिक मामले सामने आने के बाद से हड़कंप है। वहीं देश की बात करें तो पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड एक लाख से अधिक संक्रमण के मामले सामने आए हैं। लगातार बढ़ते कोरोना केस के बीच लॉकडाउन की खबरों को लेकर अटकलें जारी है। लेकिन सीएम शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh Chouhan) ने इसपर अपनी मंशा साफ कर दी है।

ये भी देखिये- MP में कोरोना की रफ्तार तेज, CM शिवराज सिंह चौहान ने कमलनाथ से मांगा सहयोग

लॉकडाउन अंतिम विकल्प- सीएम शिवराज

मध्यप्रदेश में रविवार को 3178 संक्रमण के नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ अब तक मध्यप्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,06,851 तक पहुंच गई है। पिछले 24 घंटे में 11 लोगों की कोरोना से मौत हुई है और 21,335 एक्टिव मरीज हैं। इसके बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि नए लोग संक्रमित न हो उसका एक उपाय है लॉकडाउन। लेकिन लंबा लॉकडाउन (Lockdown) अर्थव्यवस्था को तोड़ देता है, व्यापार ठप होता है और गरीब बेरोजगार हो जाता है। सीएम ने कहा कि लॉकडाउन अंतिम विकल्प है। सीएम ने कहा कि जिले में क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप वहां की स्थितिनुसार लॉकडाउन का निर्णय ले सकता है, लेकिन इसके लिए अनुमति लेना आवश्यक है। उन्होने साफ कहा कि मैं किसी कीमत पर लंबा लॉकडाउन नहीं चाहता हूं।

सीएम शिवराज ने कहा कि एक दिन के लॉकडाउन से भी काम चल सकता है अगर जनता पूरी तरह से सहयोग करे। और सहयोग का पहला अर्थ है मास्क लगाएं। इसके साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी करें तथा साबुन सैनेटाइजर का उपयोग करें। सीएम ने साफ कहा कि वो एक दिन, दो दिन से लंबा लॉकडाउन नहीं चाहते हैं और यथासंभव एक दिन के लॉकडाउन से काम चलाएंगे।

आज मास्क लगाने के साथ कोरोना वालंटियर अभियान की शुरूआत 

इसी के साथ सीएम सोमवार शाम साढ़े पांच बजे अपने परिवार को मास्क (mask) लगाएंगे और जनता को संदेश देंगे कि सभी परिवारों के मुखिया स्वयं भी मास्क लगाएं और अपने परिवार को भी मास्क लगाए बिना बाहर जाने न दें। उन्होने कहा कि आज ये अभियान प्रारंभ कर रहे हैं। इसी के साथ सीएम शाम 6 बजे से 8 बजे तक शहर के अलग अलग हिस्सों में जाएंगे और लोगों से मास्क लगाने की अपील करेंगे।

आज से कोरोना वालंटियर अभियान (Corona volunteer campaign) भी शुरू हो रहा है। इसमें इच्छुक वालंटियर अपना रजिस्ट्रेशन 181 नंबर पर करा सकते हैं। रजिस्ट्रेशन होने के बाद वालंटियर्स को मास्क लगाने के जागरण के काम के साथ अन्य संबंधित कार्यों में लगाया जाएगा। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कोरोना की वैक्सीन लगवाने के लिए अगर गांव के लोगों को आगे लाना है, तो उसमें भी वो सहयोग करेंगे। वैक्सीन स्थल पर व्यवस्था बनाने में सहयोग करेंगे, वहां पानी पिलाने चाय पिलाने में भी हाथ बटाएंगे। ये वालंटियर्स अगर भीड़ ज्यादा हो गई है तो सोशल डिस्टेंसिंग बनवाने में सहयोग करेंगे। व्यवस्था बनाने में, वैक्सीनेशन में सहयोग करेंगे। जन अभियान परिषद के साथ मिलके ये काम किया जाएगा। हर जिले में इसके लिए कलेक्टर का सहयोग रहेगा।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews