सीएम डॉ. मोहन यादव की दुबई-स्पेन यात्रा में मध्यप्रदेश को मिले 11 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव, मुख्यमंत्री ने दौरे को बताया सफल

उन्होंने कहा कि इसके बाद प्रदेश में रोजगार के चौदह हजार से ज्यादा अवसर सृजित होने की उम्मीद है। इसी के साथ आने वाले साल को भारत-स्पेन सांस्कृतिक सहयोग वर्ष के रूप में मनाने की घोषणा भी की है। सीएम ने कहा कि विदेश के साथ देश के अन्य राज्यों से भी मध्यप्रदेश में निवेश आमंत्रित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
CM Dr. Mohan Yadav

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की दुबई और स्पेन यात्रा ने राज्य के लिए निवेश और रोजगार के नए द्वार खोले हैं। यात्रा के दौरान मध्यप्रदेश को 11,000 करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं जिनसे 14000 से ज्यादा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने अपनी विदेश यात्रा को सफल बताते हुए कहा कि यह मध्यप्रदेश को वैश्विक निवेश के नक्शे पर मजबूती से स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इसी के साथ उन्होंने घोषणा की कि वर्ष 2026 को भारत-स्पेन सांस्कृतिक सहयोग वर्ष के रूप में मनाया जाएगा।

बता दें कि 13 से 19 जुलाई के बीच मुख्यमंत्री दुबई और स्पेन की यात्रा पर थे। 13-15 तारीख तक वे दुबई में थे और 16-19 तक स्पेन में। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ साल में पांच देशों की यात्राएं की गई हैं साथ ही फरवरी से पहले एमपी में संभाग स्तर की छह रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित की थी। इसके बाद भोपाल में जीआईएस किया गया था। तब से लगातार ये  सिलसिला जारी है और देश के अन्य राज्यों के साथ भी हम लगातार मध्यप्रदेश में निवेश लाने के लिए प्रयासरत हैं जिसके अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं।

दुबई यात्रा: वैश्विक निवेशकों के साथ सार्थक संवाद

13 से 15 जुलाई तक अपने दुबई प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कई महत्वपूर्ण गतिविधियों में हिस्सा लिया। दुबई में आयोजित ‘Friends of MP’ सम्मेलन में 500 से अधिक प्रवासी उद्यमियों को संबोधित करते हुए उन्होंने मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं को रेखांकित किया। इस दौरान 30 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय कंपनियों के प्रमुखों के साथ वन-टू-वन रणनीतिक बैठकें की गई।

मुख्यमंत्री ने अरब संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अल यामाहि से मुलाकात  की और उन्हें मध्यप्रदेश में आयोजित होने वाले आगामी एनर्जी समिट में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इसके अलावा, दुबई में ‘Madhya Pradesh Global Dialogue-2025’ के तहत इंदौरी इंटरनेशनल बिजनेस नेटवर्क (IIBN) के सदस्यों के साथ निवेश पर चर्चा हुई। भारत-अरब देशों के चैंबर ऑफ कॉमर्स के साथ MPIDC के बीच MoU पर हस्ताक्षर किए गए। दुबई के विदेश व्यापार राज्य मंत्री डॉ. थानी बिन अहमद अल जेयौदी के साथ भारत-यूएई समग्र आर्थिक साझेदारी समझौते के तहत चर्चा हुई और ‘भारत मार्ट’ परियोजना पर डीपी वर्ल्ड और JAFZA के अधिकारियों के साथ संवाद भी हुआ।

स्पेन यात्रा: निवेश और सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा

16 से 19 जुलाई तक स्पेन प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने मैड्रिड में ‘Invest in Madhya Pradesh – Business Forum’ में 200 से अधिक कॉर्पोरेट और राजनयिक प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की। इस दौरान नवीकरणीय ऊर्जा, खाद्य प्रसंस्करण, वस्त्र, और डाटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने स्पेन के नेचर बायो फूड्स के सीईओ रोहन ग्रोवर के साथ 200 करोड़ के निवेश प्रस्ताव पर चर्चा की। इसके अलावा, ग्रांसोलर के कॉर्पोरेट बिजनेस डेवलपमेंट डायरेक्टर सईद इस्तांबुली से भी मुलाकात हुई।

सीएम ने स्पेन में यूरोप के सबसे आधुनिक फूड मार्केट Mercabarna का दौरा कर मध्यप्रदेश में मेगा फूड पार्क और एग्री-एक्सपोर्ट ज़ोन विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण चर्चा की। इसी के साथ स्पेन के विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सहयोग और निवेश पर विचार-विमर्श हुआ और Spain Film Commission के साथ फिल्म सह-निर्माण को बढ़ावा देने के लिए एमओयू भी साइन किया गया। सबमर टेक्नोलॉजीज के साथ डाटा सेंटर कूलिंग टेक्नोलॉजी में निवेश के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। मुख्यमंत्री ने ला लीगा कार्यालय का दौरा किया और खेल व युवा विकास में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। विदेश मंत्री जैम डच गुइलोट के साथ विभिन्न सेक्टर्स में निवेश और सहयोग पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वर्ष 2026 को भारत-स्पेन सांस्कृतिक सहयोग वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। यह पहल दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों को और मजबूत करेगी।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews