रायपुर पहुंचे सीएम कमलनाथ बोले, राज्य और केंद्र सरकार में होना चाहिए समन्वय

रायपुर पहुंचे सीएम कमलनाथ बोले, राज्य और केंद्र सरकार में होना चाहिए समन्वय

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ मंगलवार सुबह छत्तीसगढ की राजधानी रायपुर पहुंचे। वे यहां सेंट्रल काउंसिल जोन की 22वीं बैठक में शिरकत करेंगे। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होने जा रही मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में छत्तीसगढ़ सहित उत्तरप्रदेश, उत्तराखण्ड और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के अलावा इन राज्यों के दो-दो मंत्री, मुख्य सचिव और वरिष्ठ विभागीय अधिकारी शामिल होंगे। प्रत्येक राज्य से 10 से 12 अधिकारियों का दल बैठक में शामिल होगा।

मुख्यमंत्री कमलनाथ के रायपुर पहुंचने पर छग के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एयरपोर्ट पर उनकी अगुवानी की। मुख्यमंत्री कमलनाथ के साथ मुख्य सचिव एस आर मोहंती ओर डीजीपी वी के सिंह भी रायपुर पहुंचे है। एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए सीएम कमलनाथ ने कहा कि मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार में समन्वय होना चाहिए और इस समय इसकी सबसे ज्यादा आवश्कता है। सीएम कमलनाथ ने कहा कि बहुत से ऐसे मुद्दे हैं जिसमें टकराव की स्थिति बनी हुई है, लेकिन टकराव से केवल राज्य को ही नहीं बल्कि देश को भी हानि होती है।

उल्लेखनीय है कि मध्य क्षेत्रीय परिषद का गठन केन्द्र सरकार और परिषद में शामिल राज्यों के समन्वय से इन राज्यों में संतुलित सामाजिक-आर्थिक विकास के साथ अन्तर्राज्यीय समस्याओं को हल करने के उद्देश्य से एक उच्च स्तरीय सलाहकार मंच के रूप में किया गया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मध्य क्षेत्रीय परिषद के उपाध्यक्ष हैं, इसलिए यह बैठक छत्तीसगढ़ में आयोजित की जा रही है। क्षेत्रीय परिषद में शामिल राज्यों के मुख्यमंत्री को रोटेशन में परिषद का उपाध्यक्ष बनाया जाता है। जिनका कार्यकाल एक वर्ष का होता है।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews