सीएम डॉ. मोहन यादव ने भोपाल हाट में किया “स्वदेशी मेला” का शुभारंभ, स्वदेशी व्यंजनों का स्वाद चखा और चाक पर बनाया शिवलिंग

स्वदेशी मेला – स्वदेशी व्यंजनों के संग” का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री लोगों से स्वदेशी को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया और कहा कि यह पहल स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों और छोटे उद्यमियों को रोजगार और पहचान देने में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि शुरुआत से हमारे यहां स्वदेशी अपनाने की परंपरा रही है और यही हमारी खास पहचान है।
CM Mohan Yadav

CM Mohan Yadav Swadeshi Mela

सीएम डॉ. मोहन यादव ने आज भोपाल हाट में ‘ ‘स्वदेशी मेला’ का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर जन्मदिवस सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से इस मेले का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, राज्य मंत्री कृष्णा गौर सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने मेले में स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। साथ ही  बहनों द्वारा बनाए गए स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद भी चखा। उन्होंने चाक पर मिट्टी से शिवलिंग बनाकर स्वदेशी कला और शिल्प की भावना को जीवंत किया।

मुख्यमंत्री ने स्वदेशी मेले का शुभारंभ किया

भोपाल हाट में “स्वदेशी मेला – स्वदेशी व्यंजनों के संग”  का शुभारंभ करते हुए सीएम मोहन यादव ने आह्वान किया कि हम सब स्वदेशी को जीवन का हिस्सा बनाएं। स्वदेशी यानि, जो कुछ भी हमारे देश में पैदा होता है, बनता है, जिसमें हमारे देश की मिट्टी की सुगंध है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश और सशक्त भारत के निर्माण के लिए स्वदेशी की भावना के साथ आगे बढ़ते हुए उसका अनुसरण करना हम सभी का दायित्व है। सीएम ने कहा कि स्वावलंबन के कारण आदिकाल से ही हमारे भारत की एक अलग पहचान रही है।  हमारे गांव सदैव आत्मनिर्भर थे और हमें इस स्वदेशी की परंपरा को आगे बढ़ाना है।

रोज़गार के नए अवसर खुलेंगे

सीएम मोहन यादव ने कहा कि मेले का लक्ष्य स्थानीय शिल्पकारों, कारीगरों और छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहन देना है। उन्होंने कहा कि ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बड़े उद्योगपतियों से लेकर छोटे उद्यमी तक अपनी क्षमता से विश्व में भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। इस मेले से स्व-सहायता समूहों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। भोपाल हाट जैसे स्थानों पर नियमित प्रदर्शनियों से इन समूहों की आय में वृद्धि होगी और उनकी पहचान मजबूत होगी। मध्यप्रदेश में आजीविका मिशन के तहत इन समूहों को स्थायी मंच प्रदान करने की दिशा में कार्य जारी है।

पीएम मोदी करेंगे पीएम मित्र पार्क का शुभारंभ

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बुधवार को पीएम मोदी अपने 75वें जन्मदिन पर धार जिले का दौरा करेंगे जहां वे देश के पहले पीएम मित्र पार्क का शिलान्यास करेंगे। इस परियोजना से 1 लाख लोगों को प्रत्यक्ष और 2 लाख लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। इसी के साथ मध्यप्रदेश में 15 दिनों तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा की शुरुआत भी होगी जो समाज सेवा और स्वदेशी के प्रति जागरूकता को बढ़ाएगा।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews