Mukhyamantri Scooty Yojana: 19 सितंबर को CM डॉ. मोहन यादव देंगे 7500 से ज्यादा मेधावी विद्यार्थियों को ई-स्कूटी, जानें किसे मिलेगा लाभ

भोपाल के सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम, 12वीं में प्रथम प्रयास में कम से कम 70% अंक के साथ अपने स्कूल में पहला स्थान हासिल करने वाले पात्र विद्यार्थियों को मिलेगा योजना का लाभ।
Mukhyamantri Scooty Yojana: 19 सितंबर को CM डॉ. मोहन यादव देंगे 7500 से ज्यादा मेधावी विद्यार्थियों को ई-स्कूटी, जानें किसे मिलेगा लाभ

मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 12वीं में शानदार प्रदर्शन करने वाले 7500 से ज्यादा विद्यार्थियों को 19 सितंबर को ई-स्कूटी मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल से मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत शिक्षण सत्र 2025-26 के पात्र विद्यार्थियों को ई-स्कूटी वितरित करेंगे। राज्य स्तरीय कार्यक्रम शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवाजी नगर में सुबह 10 बजे से होगा।

इस योजना का लाभ स्कूल शिक्षा और जनजातीय कार्य विभाग के शासकीय हायर सेकंडरी स्कूलों में नियमित रूप से पढ़ने वाले विद्यार्थियों को दिया जाता है। इसमें किसी एक संकाय की बाध्यता नहीं है, सभी संकायों के पात्र विद्यार्थी योजना का लाभ ले सकते हैं।

सिर्फ 70% अंक काफी नहीं, स्कूल में पहला स्थान भी जरूरी

मुख्यमंत्री स्कूटी योजना की पात्रता में एक अहम शर्त है। विद्यार्थी को 12वीं की परीक्षा पहले प्रयास में कम से कम 70 प्रतिशत अंकों के साथ पास करने के साथ अपने स्कूल में प्रथम स्थान हासिल करना जरूरी है। यानी केवल 70 प्रतिशत या उससे ज्यादा अंक आने से ही विद्यार्थी योजना के लिए पात्र नहीं हो जाएगा।

सरकार ने इस योजना को सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू किया है। ई-स्कूटी मिलने से खासकर उच्च शिक्षा के लिए कॉलेज आने-जाने वाले विद्यार्थियों को आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

इस बार 7500 से ज्यादा विद्यार्थियों को लाभ

शिक्षण सत्र 2025-26 के लिए प्रदेशभर के 7500 से अधिक पात्र विद्यार्थियों का चयन किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 19 सितंबर को होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम से ई-स्कूटी वितरण की शुरुआत करेंगे।

अब तक 23 हजार से ज्यादा विद्यार्थी लाभान्वित

मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत अब तक प्रदेश के 23 हजार से अधिक पात्र विद्यार्थियों को लाभ मिल चुका है। योजना के संचालन पर राज्य सरकार करीब 246 करोड़ रुपए खर्च कर चुकी है। अब इसमें 2025-26 के पात्र विद्यार्थियों को शामिल किया जा रहा है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews