मुख्यमंत्री यादव बोले- अटल जी का व्यक्तित्व अद्वितीय था, उनके विचार व शब्द सदैव हमें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते

आज भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 8वीं पुण्यतिथि है। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के अरेरा हिल्स स्थित अटल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें नमन किया।
CM Mohan Yadav

फाइल फोटो

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज, रविवार को भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर भोपाल के अरेरा हिल्स स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें नमन किया। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी डॉ महेन्द्र सिंह, सांसद आलोक शर्मा, विधायकगण रामेश्वर शर्मा और भगवानदास सबनानी सहित कई नेता कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस मौके पर मुख्यमंत्री यादन ने कहा कि आज परम श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि है। उनका व्यक्तित्व अद्वितीय था। उनके विचार और शब्द सदैव हमें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व हम सभी के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी मुख्यमंत्री यादव ने लिखा है कि श्रद्धेय अटल जी सुशासन, संवेदनशीलता और दूरदर्शी नेतृत्व के प्रणेता युगपुरुष थे। मध्यप्रदेश में केन-बेतवा लिंक एवं नदी जोड़ो परियोजनाओं के माध्यम से हम उनके उस स्वप्न को साकार कर रहे हैं, जिसमें जल, विकास और समृद्धि का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे।

आज मुख्यमंत्री भोपाल में करीब 16 करोड़ 61 लाख रुपए की लागत से तैयार अन्नपूर्णा रोड को रिंग रोड से जोड़ने वाली 100 फीट चौड़ी लिंक रोड का लोकार्पण करेंगे। इसे ‘अटल पथ’ नाम दिया गया है। इससे अन्नपूर्णा रोड और रिंग रोड के बीच सीधी कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। इससे स्थानीय लोगों के आवागमन में आसानी होगी और यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।

इसके अलावा मुख्यमंत्री यादव इंदौर के दशहरा मैदान स्थित बगीचे में उनकी प्रतिमा स्थापित करने के लिए भूमिपूजन भी करेंगे। इस आयोजन के जरिए पूर्व प्रधानमंत्री के योगदान और उनकी स्मृतियों को शहर से जोड़ने की पहल की जा रही है।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews