WEF 2026: स्विट्ज़रलैंड के दावोस में विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक में शामिल होंगे सीएम डॉ. मोहन यादव, मध्यप्रदेश को फ्यूचर-रेडी इन्वेस्टमेंट स्टेट के रूप में करेंगे प्रस्तुत

इस प्रतिष्ठित मंच पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री राज्य की निवेश संभावनाओं की जानकारी देंगे। उनकी इस यात्रा का उद्देश्य एमपी में निवेश के नए अवसरों को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करना, बहुराष्ट्रीय कंपनियों के साथ प्रत्यक्ष संवाद स्थापित करना और ऑटोमोटिव, नवीकरणीय ऊर्जा, आईटी, ईएसडीएम तथा ग्रीन हाइड्रोजन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में निवेश को प्रोत्साहित करना है
CM Dr. Mohan Yadav

स्विट्ज़रलैंड के दावोस में 18 से 23 जनवरी तक आयोजित होने जा रही विश्व आर्थिक मंच (World Economic Forum – WEF) की वार्षिक बैठक में मध्यप्रदेश अपनी निवेश संभावनाओं के साथ वैश्विक मंच पर मौजूद रहेगा। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सम्मिलित होंगे।

इस वैश्विक आयोजन की थीम “ए स्पिरिट ऑफ डायलॉग” और “अनलॉकिंग न्यू सोर्सेस ऑफ ग्रोथ” रखी गई है जिसमें दुनिया की अर्थव्यवस्था से जुड़े अहम मुद्दों पर गहन चर्चा होगी। मुख्यमंत्री यहां निवेशकों, नीति निर्माताओं और वैश्विक उद्योग जगत के शीर्ष नेतृत्व के समक्ष मध्यप्रदेश को एक उभरते और फ्यूचर-रेडी निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत करेंगे।

विश्व आर्थिक मंच की बैठक में शामिल होंगे मुख्यमंत्री 

मुख्यमंत्री मोहन यादव विश्व आर्थिक मंच 2026 की वार्षिक बैठक में शामिल होंगे। ये बैठक दावोस में 18 से 23 जनवरी तक दावोस में होगी जहां वैश्विक अर्थव्यवस्था, सतत विकास, ऊर्जा सुरक्षा, नवाचार और समावेशी विकास जैसे मुद्दों पर व्यापक विचार विमर्श होगा। मुख्यमंत्री की दावोस यात्रा का मुख्य उद्देश्य मध्यप्रदेश में निवेश के अवसरों को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करना, बहुराष्ट्रीय कंपनियों के साथ प्रत्यक्ष संवाद स्थापित करना और राज्य के प्राथमिक क्षेत्रों में निवेश के नए मार्ग खोलना है।

निवेशकों और उद्योगपतियों से वन-टू-वन संवाद होगा 

दावोस प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव फॉर्च्यून-500 कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों और वैश्विक उद्योगपतियों के साथ प्रत्यक्ष संवाद करेंगे। इन बैठकों में बहुराष्ट्रीय कंपनियों के साथ संभावित निवेश प्रस्तावों, दीर्घकालिक साझेदारियों और राज्य में उद्योग विस्तार के अवसरों पर चर्चा होगी। साथ ही राज्य की ब्रांड छवि को “फ्यूचर रेडी स्टेट” के रूप में मजबूत करने पर विशेष फोकस रहेगा।

 निवेश संभावनाओं पर होगी चर्चा

विश्व आर्थिक मंच में मध्यप्रदेश ऑटोमोटिव और न्यू मोबिलिटी सेक्टर में अपनी क्षमताओं को प्रमुखता से रखेगा। पीथमपुर जैसे स्थापित ऑटो क्लस्टर्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग, बैटरी स्टोरेज और ऑटो कंपोनेंट्स के लिए उपलब्ध मजबूत औद्योगिक इकोसिस्टम को वैश्विक निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में राज्य रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर प्रोजेक्ट और ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट जैसी योजनाओं के माध्यम से अपनी ग्रीन एनर्जी क्षमता को भी रेखांकित करेगा। आईटी और ईएसडीएम सेक्टर में इंदौर और भोपाल को उभरते हुए आईटी हब और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही मध्यप्रदेश की ग्रीन हाइड्रोजन नीति के तहत उभरते निवेश अवसरों को भी अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने रखा जाएगा।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews