MP Youth Policy : सीएम शिवराज ने मांगे सुझाव, बोले – सरकार नहीं युवा बनायेंगे मध्य प्रदेश युवा नीति

MP Youth Policy : सीएम शिवराज ने मांगे सुझाव, बोले – सरकार नहीं युवा बनायेंगे मध्य प्रदेश युवा नीति

MP Youth Policy : सीएम शिवराज सिंह चौहान ने आज युवाओं के नाम एक वीडियो संदेश जारी किया, उन्होंने प्रदेश के युवाओं से उनके सुझाव आमंत्रित करते हुए कहा कि हम युवा नीति बनाने जा रहे हैं लेकिन ये सरकार नहीं बनाएगी आप बनायेंगे, आप जो सुझाव देंगे उसकेआधार पर प्रदेश की युवा नीति बनेगी।

मध्य प्रदेश सरकार युवाओं के लिए युवा नीति बनाने जा रही है, सरकार ने इसके लिए तैयारी  शुरू कर दी है, अगले महीने जनवरी में इसकी घोषणा की जाएगी, इसके लिए मंत्री समूह की घोषणा भी कर दी गई है, आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh Chauhan) ने एक वीडियो संदेश जारी कर युवाओं से अपील की है।

सीएम शिवराज ने जारी किया वीडियो संदेश

सीएम शिवराज ने आज जारी वीडियो संदेश में कहा कि मैंने और प्रदेश की सरकार ने आप सभी के लिए कई योजनाएं बनाई जिससे हर वर्ग का व्यक्ति लाभान्वित हुआ है। पिछले दिनों 23 जुलाई को चन्द्र शेखर आजाद की जन्म जयंती पर युवा नीति बनाने की मांग उठी थी। उन्होंने कहा कि अब हम ये यूथ पालिसी बना रहे हैं।

सरकार नहीं युवा बनायेंगे एमपी युवा नीति : शिवराज

सीएम शिवराज ने कहा कि हम का मतलब मैं नहीं बनाऊंगा, मुख्यमंत्री, मंत्री नहीं बनायेंगे, अधिकारी नहीं बनायेंगे, युवा नीति आप सब यानि प्रदेश के युवा मिलकर बनायेंगे है। शिवराज ने कहा कि आप सब युवाओं में योग्यता, क्षमता, टेलेंट सबकुछ है। सोचो हमारी यूथ पालिसी कैसी हो? शिक्षा, स्वास्थ्य, खेलकूद, रोजगार और अन्य विषयों पर सरकार क्या काम करे ये तुम्हें तय करना है।

13 जनवरी को जारी होगी एमपी युवा नीति

मुख्यमंत्री ने कहा कि 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती युवा दिवस पर हम इस पालिसी पर चर्चा करेंगे और 13 जनवरी को इसे जारी करेंगे, इसके लिए सेमिनार, संगोष्ठियाँ करवाने जा रहे हैं, चार मंत्रियों का समूह बनाया है, आपके सुझाव आपके कॉलेज से इकट्ठे किये जायेंगे।

हर क्षेत्र के युवाओं से मांगे सुझाव

सीएम ने कहा कि चुने हुए युवा जन प्रतिनिधि, सरपंच, पंच, पार्षद, युवा किसान, युवा उद्यमी, स्टार्ट अप शुरू करने वाले युवा, युवा व्यापारी सभी से सुझाव आमंत्रित हैं,  मैं आपको वचन देता हूँ कि आपके एक एक सुझाव को गंभीरता से देखेंगे और फिर उन्हीं के आधार पर मध्य प्रदेश की नई युवा नीति बनेगी।

मंत्री समूह में ये चार मंत्री शामिल

शिवराज सरकार ने युवा नीति के निर्माण के लिए आवश्यक सुझाव, अनुशंसा प्रस्तुत किए जाने के लिए मंत्री समूह का गठन किया है। खेल और युवा कल्याण, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया, चिकित्सा शिक्षा, भोपाल गैस त्रासदी, राहत एवं पुनर्वास मंत्री विश्वास सारंग, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव और स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री इंदर सिंह परमार को समूह में शामिल किया गया है। प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण समूह के सचिव होंगे।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews