भुट्टा, अमरूद, सीएम और सियासत : कांग्रेस ने रोती हुई महिला का वीडियो शेयर किया, कहा ‘दिखावे का शौक गरीबों पर भारी पड़ रहा है’

मुख्यमंत्री जब आम लोगों से मिलते हैं तो उम्मीद की जाती है कि समस्याओं का हल निकलेगा। लेकिन कांग्रेस ने अब उस रोती हुआ महिला का वीडियो साझा कर सरकार पर सवाल उठाए हैं, जिसके ठेले से सीएम ने भुट्टे लिए थे। इसी के साथ उसने कहा है कि कहीं ये अन्याय अब अमरूद बेचने वालों के साथ भी न दोहराया जाए। एक दिन पहले सीएम की अमरूद लेती हुई तस्वीरें वायरल हुई थीं।
CM

MP Congress Targets CM Mohan Yadav : सीएम डॉ. मोहन यादव ने कम समय में काफ़ी लोकप्रियता हासिल कर ली है। माना जा रहा था कि शिवराज सिंह चौहान के जाने के बाद उन्हें जनता के बीच उस तरह का स्थान बनाने में दिक़्क़त का सामना करना पड़ सकता है। लेकिन डॉ. मोहन यादव ने ऐसी सभी धारणाओं को निर्मूल साबित कर दिखाया है। एक तरफ़ प्रदेश में उनके द्वारा लिए गए बड़े निर्णयों की चर्चा होती रहती है, दूसरी तरफ़ वो आम लोगों के बीच भी काफ़ी सरलता से घुलमिल जाते हैं।

मुख्यमंत्री को अक्सर जनता के बीच देखा गया। कभी बीच बाज़ार में वो कार्यकर्ताओं के साथ क़ुल्फ़ी खाते देखे गए तो कभी भुट्टे के ठेले पर रुककर गर्मागर्म भुट्टे का स्वाद लेते हुआ पायी गया। एक दिन पहले ही अमरूद के ठेले पर उनका कारवां रूक गया। इन सबसे उनकी एक सरल सहज व्यक्तित्व की तस्वीर का निर्माण हुआ है। लेकिन कांग्रेस ने अब इसी मुद्दे को लेकर उनपर निशाना साधा है।

भुट्टे बेचने वाली महिला का वीडियो हुआ था वायरल

दरअसल कुछ समय पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इंदौर में एक ठेले पर महिला से भुट्टे ख़रीदकर खाए थे। इसके बाद उन्होंने उस महिला से हाल-चाल भी पूछे। लेकिन कुछ ही दिन बाद उस महिला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसमें वो रोते हुए कह रही थी कि विद्युत वितरण कंपनी ने उनका बिजली कनेक्शन काट दिया है। महिला इस वीडियो में कहते दिखाई दे रही है कि ‘सीएम साहब भुट्टे के ठेले पर कहकर गए थे कि बिजली पानी की व्यवस्था करा देंगे। लेकिन अब उनकी बिजली काट दी गई है और बीस पच्चीस दिन से मैं बिना बिजली के रह रही हूँ। नगर निगम वालों में पानी देने से मना कर दिया कि ये सरकारी जगह है। सीएम साहब को भुट्टा खिलाना महँगा पड़ गया।’

कांग्रेस ने भुट्टे और अमरूद के बहाने सरकार को घेरा

अब मध्य प्रदेश कांग्रेस ने इस वीडियो को अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से साझा किया है और कहा है कि एक दिन पहले सीएम ने एक अमरूद के ठेले से अमरूद भी खाए हैं। कहीं ऐसा न हो कि जो हाल भुट्टे के ठेले वाली महिला का हुआ, वही बात अमरूद वाली महिला के साथ भी हो जाए। कांग्रेस ने एक्स पर लिखा है कि ‘गरीब महिला के ठेले से सीएम ने खाए भुट्टे, बदले में मिले आंसू! भाजपा सरकार के नुमाइंदों के दिखावे का शौक गरीबों पर भारी पड़ रहा है। हद तो तब हो गई जब अधिकारी बोलने लगे..इतनी दया हो तो खुद करवा दें सीएम ? जिस गरीब महिला के ठेले से मुख्यमंत्री मोहन यादव  ने भुट्टे खाए अधिकारियों ने उसकी बिजली ही काट दी थी अब कृपा करके अमरूद बेचने वाली महिला के साथ कोई अन्याय न करना।’ इस तरह अब मध्य प्रदेश में भुट्टे और अमरूद के बहाने कांग्रेस ने सीएम डॉ. मोहन यादव के साथ साथ सरकार और प्रशासन पर भी निशाना साधा है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews