
Convocation ceremony of MCRPV : माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय में 15 सितम्बर को दीक्षांत समारोह होगा। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान करेंगे। ये जानकारी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर केजी सुरेश ने दी। उन्होने बताया कि माखनपुरम परिसर स्थित गणेश शंकर विद्यार्थी सभागार में ये आयोजन होगा।
माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के नवीन परिसर माखनपुरम में शुक्रवार 15 सितम्बर को दीक्षांत समारोह का आयोजन होने जा रहा है। कुलपति प्रोफेसर (डॉ) केजी सुरेश ने जानकारी देते हुए बताया कि विश्वविद्यालय का यह चौथा दीक्षांत समारोह है। इसमें विश्वविद्यालय के कुलाध्यक्ष एवं देश के उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ शामिल होंगे । प्रो. सुरेश ने कहा कि विश्वविद्यालय की महापरिषद के अध्यक्ष और प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा नवनियुक्त जनसंपर्क मंत्री राजेंद्र शुक्ल के भी पांच वर्ष बाद आयोजित इस दीक्षांत समारोह में आने की उम्मीद है।
कुलपति ने बताया कि दीक्षांत समारोह काफी समय से लंबित था और बीच में कोरोना काल के कारण नहीं हो पाया था। लेकिन अब विश्वविद्यालय के बिशनखेड़ी स्थित माखनपुरम परिसर के गणेश शंकर विद्यार्थी सभागार में 15 सितम्बर को यह आयोजन होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह में स्नातकोत्तर, एम.फिल. और पीएचडी के विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। स्नातकोत्तर में जून 2018 से दिसंबर 2022- तथा जून 2023 तक उत्तीर्ण विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी दीक्षांत समारोह में उपाधि प्राप्त करना चाहते हैं, वे 6 सितम्बर तक निर्धारित शुल्क 250 रुपए एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से जमा कर सकते हैं । यदि विद्यार्थी निर्धारित तिथि तक आवेदन नहीं करते हैं, तो उन्हें विलंब शुल्क 450 रुपए के साथ 9 सितम्बर तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा। बता दें कि पहली बार दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय के अपने परिसर में आयोजित किया जा रहा है।
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.
2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →

