मध्य प्रदेश में सियासी ‘शोले’, जय-वीरू और गब्बर के बाद अब सूरमा भोपाली की एंट्री, एडिटेड वीडियो वायरल

Edited video of Sholay film

मध्य प्रदेश में इन दिनों सियासी शोले जल रहे हैं। ऑल टाइम सुपरहिट फिल्म ‘शोले’ की तर्ज पर यहां भी जय-वीरू का शोर है। बीजेपी और कांग्रेस इन किरदारों के ज़रिए एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रही है और इस बीच फिल्म का एक एडिटेड वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें सूरमा भोपाली के किरदार की एंट्री हुई है।

सीएम शिवराज ने दिग्विजय-कमलनाथ को कहा जय-वीरू

ये कहानी शुरु हुई मंगलवार को जब सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कमलनाथ और दिग्विजय सिंह को जय-वीरू की जोड़ी बताया। कांग्रेस के इन दो दिग्गज नेताओं के दिल्ली बुलावे पर तंज कसते हुए उन्होने कहा कि ‘जय और वीरू आपस में झगड़ रहे हैं और ये लूट के माल के लिए लड़ रहे हैं।’ उन्होने आरोप लगाया कि  पहले 2003 तक दिग्विजय सिंह ने प्रदेश को लूटा, तबाह और बर्बाद कर दिया और इसके बाद सवा साल में कमलनाथ ने भी मध्य प्रदेश को लूट का अड्डा बना दिय। अब इनके बीच लड़ाई है कि आगे कौन लूटे और कैसे लूटे। इससे पहले भी शिवराज लगातार आरोप लगाते आ रहे हैं कि कमलनाथ के कार्यकाल में वल्लभ भवन दलाली का अड्डा बन गया था।

कमलनाथ ने कहा ‘गब्बर का हिसाब होगा’

अब भला इन आरोपों पर कमलनाथ का जवाब कैसे न आता। उन्होने कुछ देर बाद ही ट्वीट करते हुए सीएम शिवराज को गब्बर करार दे दिया। कमलनाथ ने लिखा कि ‘शिवराज जी, जय और वीरु ने ही अत्याचारी गब्बर सिंह का हिसाब किया था। मध्य प्रदेश 18 साल से अत्याचार से त्रस्त है। अत्याचार के अंत का समय आ गया है। बाक़ी आप समझदार हैं।’ कांग्रेस अरसे से बीजेपी पर 50 प्रतिशत कमीशन की सरकार चलाने का आरोप लगाती आई है और कमलनाथ इससे पहले शिवराज सरकार के 18 सालों के घोटालों की शीट भी जारी कर चुके हैं।

मध्य प्रदेश में सियासी ‘शोले’

शोले के मशहूर किरदार जय-वीरू..खलनायक गब्बर सिंह और इनके बीच बदले की कहानी को लेकर बुनी गई रमेश सिप्पी की ये फिल्म जिसने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में एक इतिहास कायम कर दिया है। इन तीन किरदारों के साथ फिल्म के बाकी पात्र भी खासे मशहूर हुए। फिर चाहे वो अंग्रेज़ों के ज़माने का जेलर हो, बसंती, मौसी या फिर घोड़ी धन्नो ही क्यों न हो। और इनमें एक बेहद खास चरित्र है सूरमा भोपाली का जिसे निभाया है कलाकार जगदीप ने। ‘हमारा भी नाम सूरमा भोपाली ऐसे ही नहीं है’ वाला अंदाज़ इतना लोकप्रिय हुआ, जो आज भी लोगों की ज़बान पर चढ़ा हुआ है।

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 से पहले इस ‘सियासी शोले’ फिल्म का एक सीन अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ये दरअसल एक एडिटेड वीडियो है जिसमें जय वीरू और सूरमा भोपाली तीनों साथ हैं। यहां सूरमा भोपाली हमेशा की तरह अपनी हांकने वाली आदत के मुताबिक बता रहा है कि कैसे जय-वीरू ने उसके पैर पकड़ लिए। ये फिल्म का एक मशहूर कॉमेडी सीन है जो बहुत हिट हुआ था। इस सीन में अब किरदारों के चेहरे बदल दिए गए हैं। दरअसल जय और वीरू के चेहरे पर एडिटिंग से दिग्विजय सिंह और कमलनाथ का चेहरा लगा दिया गया है, वहीं सूरमा भोपाली को सीएम शिवराज सिंह चौहान का चेहरा दिया गया है। और इस तरह एडिटेड वीडियो में सीएम शिवराज सिंह चौहान पर तंज कसा गया है। फिलहाल मध्य प्रदेश की चुनावी मौसम में इसी तरह के कई फिल्मी सीन देखने को मिल रहे हैं।

[dgv_vimeo_video id=”880064511″]

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews