
एफपीएआई (Family Planning Association of India) भोपाल शाखा ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर (थीम: “नया भारत – विकसित भारत, लक्ष्य 2047”) अपने शिवाजी नगर स्थित शाखा कार्यालय में ध्वजारोहण एवं सम्मान समारोह का सफल आयोजन किया। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी, सदस्य, रोट्रेक्ट क्लब भोपाल के प्रतिनिधि तथा एफपीएआई टीम के सभी स्टाफ सहित लगभग 46 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
ध्वजारोहण एवं उद्घाटन-
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था की चेयरपर्सन डॉ. रुचिरा चौधरी द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। उन्होंने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा-हमें अपने लक्ष्य स्पष्ट रखकर, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए—अपनी और दूसरों की स्वतंत्रता का सम्मान करते हुए।” उन्होंने स्वदेशी आंदोलन के ऐतिहासिक महत्व, Make in India की प्रासंगिकता, और आधुनिक समय में तकनीकी, आर्थिक एवं बाज़ार आधारित चुनौतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने यह भी कहा कि भारत स्वदेशी संसाधनों और उन्नत तकनीकों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। डॉ. चौधरी ने एफपीएआई भोपाल शाखा के निष्ठावान स्टाफ की सराहना करते हुए बताया कि संस्था बीते 76 वर्षों से समुदाय को स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान कर रही है। विशेषकर वंचित वर्ग के लिए यहाँ न्यूनतम शुल्क पर उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराया जाता है और जरूरतमंदों को निःशुल्क सेवा दी जाती है। उन्होंने उल्लेख किया कि आधुनिक संचार तकनीकों के प्रयोग से सेवाएँ और अधिक तीव्रता एवं प्रभावशीलता से जनता तक पहुँच रही हैं।
वित्तीय अनुशासन पर वक्तव्य-
संस्था की वित्त सलाहकार श्रीमती गुंजन अग्रवाल ने वित्तीय अनुशासन, संसाधनों के प्रभावी उपयोग और स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों का उपयोग अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी मज़बूत करेगा।

शाखा प्रभारी का संबोधन
शाखा प्रभारी जगदीश परसाई ने कहा कि बीते 60 वर्षों से एफपीएआई भोपाल शाखा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर, जनजागरूकता अभियान और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करती आ रही है। यह सफलता संस्था की टीम की एकजुटता, मेहनत और सेवा-भाव का परिणाम है।उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि युवाओं की ऊर्जा, समय और कौशल को यदि समाज के कल्याण में लगाया जाए, तो राष्ट्र की दिशा और दशा दोनों बदली जा सकती हैं।” उन्होंने यह भी बताया कि संस्था युवाओं को निरंतर अपनी गतिविधियों से जोड़ रही है, क्योंकि युवा ही देश के भविष्य के निर्माता हैं। उन्होंने रोट्रेक्ट क्लब के साथ मिलकर आगामी संयुक्त स्वास्थ्य शिविर, महिला स्वास्थ्य जागरूकता सत्र और सामुदायिक प्रशिक्षण कार्यशालाओं की घोषणा की।

रोट्रेक्ट क्लब का संदेश-
रोट्रेक्ट क्लब भोपाल की सचिव एरम खान ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से एफपीएआई के साथ साझेदारी में कई स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए गए हैं और यह सहयोग भविष्य में और मजबूत होगा। उन्होंने एफपीएआई टीम के 12 स्टाफ सदस्यों को तुलसी पौधे एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
धन्यवाद ज्ञापन एवं विशेष योगदान-
परियोजना समन्वयक वरुण दुबे ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगी संगठनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में स्मिता कोशी, सुश्री नेहा सिंह, श्रीमती रजनी सिंह, श्री बाबा राव, दीपा चौहान, श्री सुरेश, श्री रियाज़ खान, श्री सुनील चौधरी सहित एफपीएआई टीम के सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया। एफपीएआई की फिजियो टीमडॉ. परितोष एवं डॉ. मोहित ने न्यूनतम शुल्क पर दी जा रही फिजियो सेवाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। युवाओं शानू शर्मा, प्रियंका चौहान और तान्या पटेल का भी विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत एवं सामूहिक देशभक्ति संकल्प के साथ हुआ।
