खुशखबरी: MP में खुलेगा सरकारी नौकरी का पिटारा, 25 हजार पदों पर होगी भर्ती!

खुशखबरी: MP में खुलेगा सरकारी नौकरी का पिटारा, 25 हजार पदों पर होगी भर्ती!

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट| मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में सरकारी भर्तियां निकालने की मांग कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है| राज्य में जल्द ही सरकारी नौकरी (Government Jobs) का पिटारा खुलने जा रहा है| मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan) ने बुधवार को बैठक में अधिकारियों को प्रदेश में खाली पदों पर जल्द भर्ती शुरू करने के निर्देश दिए। शिक्षकों के लगभग 15 हजार और अन्य विभागों के 10 हजार पद मिलाकर लगभग 25 हजार पदों के लिए भर्ती अनुमानित है।

मुख्यमंत्री निवास (CM House) पर आयोजित बैठक में सीएम शिवराज ने अधिकारियों को गृह, राजस्व, लोक निर्माण, जेल, शिक्षा और अन्य विभागों में रिक्त पदों को भरने की कार्रवाई तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए। श्री चौहान ने कहा कि विभागों में खाली पड़े पदों को भरने की कार्यवाही पूर्ण की जाए। इस संबंध में प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड, लोक सेवा आयोग और विभागीय स्तर पर की जाने वाली कार्यवाही संपादित की जाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पदों की भर्ती के संबंध में विभागीय स्तर पर भी समीक्षा कर समग्र रूप से संपूर्ण प्रक्रिया अपनाए जाने के निर्देश दिए।

इन पदों पर की जाएंगी भर्ती
मुख्यमंत्री ने कहा कि रिक्त पदों की पूर्ति के संबंध में आवश्यक नियमों और प्रक्रियाओं के पालन का ध्यान रखते हुए प्रक्रिया पूरी की जाए। एक अनुमान के अनुसार करीब 10 हजार पदों के लिए पीईबी द्वारा आगामी महीनों में परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इन पदों में गृह विभाग के अंतर्गत पुलिस आरक्षक के 3272 पद, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी और वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी के 863 पद, गृह विभाग में आरक्षक रेडियो संवर्ग के 493 पद, राजस्व निरीक्षक के 372 पद, कौशल संचालनालय में आईटीआई प्रशिक्षण अधिकारी के 302 पद शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न विभागों में शीघ्र लेखक, सहायक ग्रेड-3, स्टेनो टायपिस्ट, स्टेनोग्राफर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, सांख्यिकी अधिकारी और भृत्य, चौकीदार, वार्ड बाय, क्लीनर, वाटरमेन कुक जैसे पदों की भर्ती की जाएगी।

परीक्षाओं के आयोजन की तैयारी
बैठक में बताया गया कि प्राथमिक शाला शिक्षक पात्रता परीक्षा दिसम्बर 2020 में प्रस्तावित है। । वर्तमान में पीईबी की ओर से तकनीकी शिक्षा संचालनालय, पशुपालन विभाग और कृषि विभाग की विभिन्न परीक्षाओं के आयोजन की तैयारी भी की जा रही है। ये परीक्षाएं अकादमिक सत्र के अनुसार अक्टूबर और नवम्बर 2020 में प्रस्तावित हैं। इन पदों के लिए बड़ी संख्या में आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं। सिर्फ शिक्षकों के लिए ही 6.57 लाख आवेदन-पत्र इस वर्ष प्राप्त हुए हैं।

उपचुनाव से पहले ‘मास्टरस्ट्रोक’, युवाओं को साधने की कोशिश
प्रदेश में लम्बे समय से युवा सरकारी भर्तियों को लेकर सरकार से मांग कर रहे हैं| इससे पहले मुख्यमंत्री प्रदेश की सरकारी नौकरियों में सिर्फ प्रदेश के ही युवाओं को मौका देने की घोषणा कर चुके हैं। युवाओं के आक्रोश को देखते हुए अब उपचुनाव से पहले सीएम शिवराज ने बड़ी राहत देते हुए मास्टर स्ट्रोक खेला है| खाली पदों को भरे जाने के निर्देशों को उपचुनावों में युवाओं को साधने से जोड़कर देखा जा रहा है।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews