अच्छी खबर : MP में 1600 करोड़ का निवेश करेगा वॉल्वो तथा आयशर मोटर्स का संयुक्त उपक्रम, 450 करोड़ रुपये में लगेगी लिनेन की इकाई

अच्छी खबर : MP में 1600 करोड़ का निवेश करेगा वॉल्वो तथा आयशर मोटर्स का संयुक्त उपक्रम, 450 करोड़ रुपये में लगेगी लिनेन की इकाई

MP News : इंदौर में जनवरी में आयोजित होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (Global Investors Summit Indore 2023) को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh Chauhan) बहुत उत्साहित हैं। वे लगातार देश के उद्योगपतियों से संपर्क कर रहे हैं, उनसे संवाद कर रहे हैं और मध्य प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। आज बुधवार को उन्होंने उद्योगपतियों से भेंट की, बातचीत की खास बात ये रही कि उद्योगपतियों ने मध्य प्रदेश में करोड़ों रुपये के निवेश की बात कही।

इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जनवरी 2023 में इंदौर में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट प्रदेश में निवेश और औद्योगिक विकास की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगी। ऑटोमोबाइल, टेक्सटाईल, फार्मा सहित अन्य उद्योगों के लिए मध्यप्रदेश में अपार संभावनाएँ हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को वॉल्वो ग्रुप तथा आयशर मोटर्स के संयुक्त उपक्रम व्ही.ई. कमर्शियल व्हीकल्स के विनोद अग्रवाल ने बताया कि उपक्रम भोपाल, धार और देवास जिलों में वाहन निर्माण से संबंधित इकाइयों में 1600 करोड़ रुपये निवेश करेगा।

यशोदा लिनेन यार्न लिमिटेड के सी.एम.डी. अवंति कुमार कांकरिया ने प्रदेश में लिनेन की इकाई स्थापित करने में रुचि दिखाई। उन्होंने कहा कि स्टिचिंग और वीविंग इकाई की स्थापना पर लगभग 450 करोड़ रुपये  का निवेश किया जाएगा, जिससे 4 हजार लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। यह समूह पूर्वी मध्यप्रदेश क्षेत्र में जूट इकाई लगाने की संभावनाओं पर भी कार्य कर रहा है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान से फोर्स मोटर्स लिमिटेड और सागर ग्रुप के प्रतिनिधियों ने प्रदेश की औद्योगिक नीति (MP Industrial Policy) तथा निवेश प्रोत्साहन संबंधी सहायता के प्रावधानों के संबंध में चर्चा की। अवादा ग्रुप के प्रतिनिधियों ने प्रदेश में सी.एस.आर. गतिविधियों के बारे में विचार-विमर्श किया।

मुख्यमंत्री से मुख्यमंत्री कार्यालय समत्व भवन में फोर्स मोटर्स लिमिटेड के चेयरमेन अभय फिरोदिया और डीजीएम अभय सिंघी, व्ही.ई. कमर्शियल लिमिटेड के प्रबंध संचालक, सी.ई.ओ. विनोद अग्रवाल और वाइस प्रेसीडेंट नितिन नागड़ा, सागर ग्रुप के चेयरमेन सुधीर अग्रवाल, यशोदा लिनेन यार्न लिमिटेड के सी.एम.डी. अवंति कुमार कांकरिया और कार्यकारी संचालक आशीष कांकरिया, अवादा वेंचर्स प्रायवेट लिमिटेड के चेयरमेन विनीत मित्तल और जी.एम.  मुकेश सिंघानिया ने भेंट की। प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मनीष सिंह तथा अन्य अधिकारी इस समय वहां उपस्थित थे।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews