रविवार को मध्य प्रदेश के 22 जिलों में लू का अलर्ट, सोमवार से बदलेगा मौसम, फिर आंधी-बारिश के आसार, जानें IMD अपडेट

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी है। आए दिन तापमान में इजाफा हो रहा है। रविवार को भी 22 जिलों में हीट वेव (लू) का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बढ़ते तापमान को देखते हुए ग्वालियर, सागर, उज्जैन समेत एक दर्जन जिलों में 30 अप्रैल 2026 तक स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।
MP Weather

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। कई जिलों में तापमान 44 डिग्री के पार दर्ज किया जा रहा है। शनिवार (25 अप्रैल 2026) को खजुराहो में पारा 44.6 डिग्री पहुंच गया। साथ ही रतलाम में 44.5 डिग्री, दतिया, धार में 44.1 डिग्री, नौगांव और श्योपुर में 44 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।  मौसम विभाग ने रविवार (26 अप्रैल 2026) को भी 22 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। 

बीते दिन टीकमगढ़, मंडला, दमोह और उमरिया में पारा 43 डिग्री के आसपास रहा। बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर और उज्जैन में 43 डिग्री, भोपाल में 42.4 डिग्री, इंदौर में 42.2 डिग्री और जबलपुर में 42.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। आज भी भोपाल, इंदौर और उज्जैन में तापमान 41 डिग्री से ऊपर दर्ज होने का अनुमान है। हालांकि सोमवार से गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।  पश्चिमी विक्षोभ के असर से 27 अप्रैल 2026 से फिर मौसम बदलने और प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।

भोपाल मौसम केंद्र के मुताबिक वर्तमान में चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। 24 घंटे बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जिसके असर से मौसम में बदलाव आएगा। 27 से 29 अप्रैल के बीच ग्वालियर, चंबल, जबलपुर और सागर संभाग में बादल छाने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि उत्तर और पूर्वी हिस्सों में गर्मी का असर बना रह सकता है। मई में तापमान के 45 °C तक पहुंचने और लू चलने की संभावना जताई गई है। इधर, लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए प्रदेश के एक दर्जन से ज्यादा जिलों में 30 अप्रैल तक अवकाश घोषित कर दिया गया है।

रविवार को 22 जिलों में लू का अलर्ट

ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, रायसेन, नर्मदापुरम, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, धार और अलीराजपुर ।

MP WEATHER FORECAST REPORT

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews