International Dog Day : स्वान सौभाग्यम कि आज मध्य प्रदेश की राजनीति में कुत्ता भी सोशल मीडिया पर छा गया

International Dog Day : स्वान सौभाग्यम कि आज मध्य प्रदेश की राजनीति में कुत्ता भी सोशल मीडिया पर छा गया

MP Election 2023 : मध्यप्रदेश में शनिवार को कुत्ता भी सियासत में बहस का विषय बन गया। दरअसल मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार के थोड़ी देर बाद कांग्रेस ने एक कुत्ते के रोने का वीडियो ट्वीट किया, जिसे लेकर बाद में बीजेपी ने न केवल कड़ी आपत्ति जताई बल्कि खुशी में झूमते हुए एक कुत्ते का वीडियो भी ट्वीट कर दिया। संयोग देखिए कि आज ही के दिन इंटरनेशनल डॉग डे भी है।

मध्य प्रदेश की सियासत में ‘श्वान प्रकरण’

भोपाल में शनिवार को राजभवन में मध्य प्रदेश मंत्रिमंडल का विस्तार सुबह 8.45 पर हुआ जिसमें तीन मंत्रियों गौरीशंकर बिसेन, राजेंद्र शुक्ल और राहुल लोधी को शपथ दिलाई गई। विधानसभा चुनाव के चंद महीने पहले कराई गई यह शपथ वैसे ही विपक्ष के निशाने पर थी। उसपर कांग्रेस ने एक वीडियो लगा दिया। इसमें राज भवन के गेट पर एक कुत्ता खड़ा था और वह मुंह ऊपर करके रो रहा था।

कुत्ते के रोने को कांग्रेस ने बताया अपशगुन

कांग्रेस प्रवक्ता पीयूष बबेले ने इस वीडियो को ट्वीट किया और इसे सीधे-सीधे अपशकुन से जोड़ दिया। उन्होंने लिखा कि गूगल सर्च कर लीजिए कुत्ते के रोने के परिणाम क्या होते हैं, यह भलीभांति मालूम पड़ जाएगा। थोड़ी देर बाद ही कांग्रेस के मीडिया प्रभारी केके मिश्रा ने भी इसी वीडियो को ट्वीट करते हुए लिख दिया कि ‘देख लीजिए। गूगल में स्वान के रुदन का अर्थ क्या है।’

बीजेपी का पलटवार ‘कुत्ते के सहारे सरकार बनाने का सपना’

इसके जवाब में बीजेपी की ओर से पलटवार भी आया और पार्टी प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने ट्वीट किया कि कभी पंचांग के भरोसे तो कभी अपनी बातों के भरोसे कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनाने वाले अब कुत्ते के रोने को लेकर सरकार बनाने की बात कर रहे हैं। रोते हुए कुत्ते के वीडियो के सहारे सरकार बनाने का सपना देखने वाले यह लोग कांग्रेस को कहां ले जाएंगे, यह समझ से परे है। सलूजा इतने पर ही नहीं रुके..इसके बाद उन्होंने एक और ट्वीट कर दिया कि श्वान को जब पता चला कि उसके रोने का वीडियो दिखाकर कांग्रेस सरकार बनाने के सपने देख रही है तो वह खुशी में झूमने लगा और उन्होंने अपनी इस बात के साथ एक डांस करते हुए कुत्ते का वीडियो भी ट्वीट में जोड़ दिया। अब इसे महज संयोग ही कहा जाए कि आज इंटरनेशनल डॉग डे है और सुबह से ही मध्य प्रदेश की सियासत में कांग्रेस और बीजेपी के बीच एक कुत्ता राजनीतिक बहस का विषय बना हुआ है।

(खबर के लेखक वीरेंद्र शर्मा एमपी ब्रेकिंग ग्रुप के समूह संपादक हैं)

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews